विराट कोहली के कमरे में किसने लगाई सेंध

ऑस्ट्रेलिया में विराट कोहली के कमरे में घुसकर किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

फैन की इस हरकत को लेकर विराट कोहली ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो को शेयर करके कैप्शन में लिखा कि उनकी प्राइवेसी में ऐसा दखल बिल्कुल ठीक नहीं है। कई सेलिब्रेटीज ने विरोट की पोस्ट पर कमेंट करके फैन के इस व्यवहार को गलत बताया है।

विराट ने अपनी पोस्ट में लिखा कि मैं जानता हूं कि फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देखकर बहुत खुश और उत्साहित रहते हैं। मैंने हमेशा फैंस के इस उत्साह की सराहना की है, लेकिन यह वीडियो जो आया है, उससे मैं आहत हूं।

विराट ने कहा कि इसने मुझे मेरी प्राइवेसी को लेकर चिंतित किया है। अगर होटल रूम में मुझे प्राइवेसी नहीं मिल सकती तो मुझे पर्सनल स्पेस कहां मिलेगा। मेरी निजता में ऐसे दखल से मुझे आपत्ति है। प्लीज लोगों की प्राइवेसी का सम्मान कीजिए और उन्हें अपने मनोरंजन की चीज जैसे ट्रीट मत कीजिए।

बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने भी फैन की इस हरकत को गलत बताते हुए कहा कि इससे उनके पति की गरिमा को ठेस पहुंची है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि- इससे पहले भी ऐसे कई मौके आए हैं, जब फैंस ने हमारे प्रति कोई करुणा या दया नहीं दिखाई, लेकिन यह घटना अब तक की सबसे बुरी है।

कोहली ने फैंस की ओर से बनाया गया जो वीडियो शेयर किया है, उसमें उनके होटल रूम में रखी चीजें दिख रही हैं। उनके टेबल पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति सफेद कपड़े पर रखी हुई हैं। उनकी कैप, चश्मा और घड़ियों के बॉक्स भी इसमें दिख रहे हैं। उनके कमरे में रखे हुए कई जोड़ी जूते और जर्सी के कई सेट भी इस वीडियो में नजर आ रहे हैं।

विराट कोहली के होटल कमरे का वीडियो वायरल होने के बाद होटल क्राउन ने इस मामले में शामिल व्यक्ति को तुरंत हटा दिया है। वहीं इसके लिए विराट से माफी भी मांगी है। होटल के प्रवक्ता ने कहा कि वह ऐसे मामलों को लेकर जागरूक रहेंगे।