जापान में RRR फिल्म का जलवा

भारत में कई रिकॉर्ड तोड़ने के बाद  RRR फिल्म कमाई के मामले में जापान में भी जलवा बिखेर रही है। जापान में 240 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई RRR ने 17 दिनों में इंडियन रुपए से करीब 10 करोड़ कमा लिया है।

RRR आमिर खान की फिल्म 3 इडियट्स को पीछे छोड़ते हुए जापान में तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली इंडियन फिल्म बन गई है। इसके आगे अब रजनीकांत की 24 साल पहले रिलीज हुई फिल्म मुथु और एस एस राजामौली की बाहुबली 2 है।

बता दें कि फिल्म के लीड एक्टर्स राम चरण और जूनियर एनटीआर ने जापान में अपनी फिल्म का जबरदस्त प्रमोशन किया था।

जापान में 24 साल पहले रिलीज हुई रजनीकांत की फिल्म मुथु 22 करोड़ के साथ अभी भी टॉप पर बनी हुई है। वहीं करीब 16 करोड़ के साथ बाहुबली 2 दूसरे नंबर पर काबिज है।

9 करोड़ की कमाई के साथ 3 इडियट्स अब तक तीसरे पोजिशन पर थी, लेकिन आरआरआर ने अब 10 करोड़ की कमाई के साथ तीसरा स्थान हासिल कर लिया है।

RRR ने अब तक 1200 करोड़ से अधिक का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है और अभी भी दुनिया के कई हिस्सों में फिल्म की कमाई जारी है। जापान के अलावा हाल में ही फिल्म को अमेरिका के कई शहरों में फिर से रिलीज किया गया।

अमेरिका में फिल्म ने रिकार्ड तोड़ कमाई करते हुए 110.7 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है। यूएई में भी फिल्म ने 37.8 करोड़ रुपए का बिजनेस कर लिया है।

SS राजामौली के डायरेक्शन में बनी RRR फिल्म में राम चरण,जूनियर एनटीआर, आलिया भट्ट और श्रेया सरन मुख्य भूमिका में नजर आए। फिल्म में अजय देवगन ने भी कैमियो किया था। 25 मार्च 2022 को फिल्म थिएटर्स में रिलीज हुई थी।