अफगानिस्तान-पाकिस्तान में भीषण सैन्य टकराव, 55 पाक सैनिकों के मारे जाने का दावा, पाकिस्तान ने 133 तालिबान लड़ाकों को ढेर करने की कही बात

Afghanistan Pakistan Conflict: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच गुरुवार देर रात बड़ा सैन्य टकराव सामने आया है। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने दावा किया है कि कुनार प्रांत में किए गए हमले में पाकिस्तान सेना के 55 सैनिक मारे गए हैं और 19 चौकियों के साथ एक हेडक्वॉर्टर पर कब्जा कर लिया गया है। वहीं पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन गजब लिल हक’ शुरू करने और 133 तालिबान लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया है। दोनों देशों के बीच सीमा पर कई इलाकों में अभी भी संघर्ष जारी बताया जा रहा है। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद के हवाले से बताया गया कि कुनार प्रांत में तालिबान लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना की चौकियों पर हमला किया।

यह भी पढ़ें:- बीजापुर मुठभेड़ में दो इनामी नक्सली ढेर, कई कैडरों का आत्मसमर्पण, सियासत भी गरमाई

अफगान सरकार के मुताबिक 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। 23 सैनिकों के शव अफगानिस्तान के कब्जे में हैं। कुछ सैनिकों को जिंदा पकड़ लिया गया है। 19 चौकियों और एक हेडक्वॉर्टर पर कब्जा किया गया। भारी मात्रा में हथियार, एक टैंक और एक हार्वेस्टर जब्त किया गया है। अफगान डिप्टी स्पोक्सपर्सन हमदुल्ला फितरत ने कहा कि हमला चार घंटे तक चला और आधी रात के करीब संघर्ष थम गया। पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए काबुल, कंधार और नंगरहार समेत कई सीमावर्ती इलाकों में एयरस्ट्राइक की। पाकिस्तान सरकार का दावा है कि 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए। 200 से ज्यादा घायल हुए। (Afghanistan Pakistan Conflict)

नुकसान को लेकर दोनों देशों के अपने-अपने दावे 

पाक सरकार ने कहा कि 27 तालिबान चौकियां तबाह की गईं। 9 चौकियों पर कब्जा किया गया। पाकिस्तानी सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एयरस्ट्राइक के वीडियो साझा किए, जिनमें अफगानिस्तान के कई इलाकों में हमले दिखाए गए। अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान के हमलों में उनके 8 लोग मारे गए और 11 घायल हुए। साथ ही 19 पाकिस्तानी आर्मी पोस्ट और दो बेस तबाह करने का दावा किया गया। वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ अली जैदी ने 133 तालिबान लड़ाकों को मार गिराने की बात कही है। दोनों देशों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। (Afghanistan Pakistan Conflict)

बॉर्डर इलाकों में संघर्ष जारी

नंगरहार, नूरिस्तान, कुनार, खोस्त, पक्तिया और पक्तिका जैसे सीमावर्ती इलाकों में तनाव बना हुआ है। ये क्षेत्र डूरंड लाइन के पास स्थित हैं, जिसे लेकर दोनों देशों के बीच लंबे समय से विवाद है। 22 फरवरी को भी पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के भीतर हवाई हमले किए थे। इस्लामाबाद का कहना था कि कार्रवाई तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और इस्लामिक स्टेट से जुड़े ठिकानों पर की गई थी। पाकिस्तान में हाल के महीनों में कई बड़े हमले हुए हैं। खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू में सुरक्षा काफिले पर आत्मघाती हमला। बाजौर में विस्फोटकों से भरी गाड़ी से चौकी पर हमला। इस्लामाबाद में शिया मस्जिद (इमामबाड़ा) में जुमे की नमाज के दौरान आत्मघाती विस्फोट, जिसकी जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली थी।

पहले भी बढ़ चुका है तनाव

इन घटनाओं के बाद पाकिस्तान लगातार तालिबान सरकार पर दबाव बना रहा है कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल किसी भी आतंकी संगठन को न करने दे। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच डूरंड लाइन को लेकर लंबे समय से विवाद रहा है। 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में आने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में और तनाव बढ़ा है। अक्टूबर में सीमा पर हिंसक झड़पों के बाद कतर की मध्यस्थता से युद्धविराम की कोशिश हुई थी, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल सका। फिलहाल हालात संवेदनशील बने हुए हैं। दोनों देशों के दावों के बीच सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण है और वैश्विक शक्तियों की नजरें इस घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं। (Afghanistan Pakistan Conflict)

Back to top button
error: Content is protected !!