छत्तीसगढ़ में सड़क मौतों पर सियासी भूचाल, सत्ता पक्ष के विधायक ने ही सरकार को घेरा

CG Budget 2026 : छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन आज सड़क दुर्घटनाओं में हो रही लगातार मौतों और राजधानी रायपुर की लचर यातायात व्यवस्था का मुद्दा जोरदार ढंग से उठा। सत्ता पक्ष के ही विधायक सुनील सोनी ने परिवहन मंत्री केदार कश्यप को कटघरे में खड़ा कर दिया।

यह भी पढ़े :- माओवादियों के नाम डिप्टी CM का संदेश: “सम्मान के साथ लौटें, सुरक्षा की पूरी गारंटी” – विजय शर्मा

प्रश्नकाल के दौरान विधायक ने सड़क हादसों को रोकने के लिए ठोस मास्टर प्लान, ब्लैक स्पॉट सुधार और रायपुर में बंद पड़ी सिटी बस सेवा के संचालन को लेकर तीखे सवाल पूछे। इस दौरान सदन में कुछ देर के लिए माहौल भी गर्म हो गया।

रोज औसतन 18–19 मौतें, जनता में डर का माहौल

विधायक ने कहा कि प्रदेश में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और यह आम लोगों के लिए जानलेवा बनता जा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, राज्य में प्रतिदिन औसतन 18 से 19 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि राजधानी में सस्ती सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के अभाव का सीधा असर मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों पर पड़ रहा है, जिन्हें महंगे निजी साधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है।

एक साल में 6,898 लोगों की मौत

सदन में पूछे गए सवाल के जवाब में परिवहन मंत्री ने बताया कि पिछले एक वर्ष में राज्य में कुल 6,898 लोगों की जान सड़क दुर्घटनाओं में गई है। उन्होंने कहा कि सरकार सड़क सुरक्षा सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है और विभिन्न योजनाओं पर काम जारी है।

सिटी बस सेवा पर स्पष्ट जवाब नहीं

विधायक ने राजधानी में सार्वजनिक परिवहन की स्थिति पर सवाल उठाते हुए पूछा कि वर्तमान में रायपुर में कितनी सिटी बसें संचालित हैं और सस्ती परिवहन सुविधा क्यों उपलब्ध नहीं है।

इस पर मंत्री स्पष्ट आंकड़े नहीं दे पाए और जानकारी एकत्र कर सदन को उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। (CG Budget 2026)

अब फैसले का इंतजार

मंत्री के आश्वासन के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरकार राजधानी में सिटी बस सेवा को पुनः शुरू करने, यातायात व्यवस्था सुधारने और दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) को ठीक करने के लिए क्या ठोस समयसीमा तय करती है।

सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन जैसे मुद्दों पर सदन में हुई यह बहस आने वाले दिनों में राज्य सरकार की प्राथमिकताओं की दिशा तय कर सकती है। (CG Budget 2026)

Back to top button
error: Content is protected !!