केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा में बिना बायोमेट्रिक सत्यापन को लेकर बवाल, छात्रों ने जताया विरोध

CTET Exam in Bilaspur: बिलासपुर में केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) के दौरान रेलवे क्षेत्र स्थित एक परीक्षा केंद्र में छात्रों और परीक्षा प्रबंधन के बीच विवाद देखने को मिला। अभ्यर्थियों का आरोप है कि उन्हें बिना बायोमेट्रिक सत्यापन के ही परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया गया और परीक्षा पूरी कराई गई, जबकि एडमिट कार्ड में बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य थी। परीक्षा खत्म होते ही आक्रोशित छात्रों ने केंद्राध्यक्ष को घेर लिया और डिजिटल रिकॉर्ड न होने की स्थिति में भविष्य प्रभावित होने की आशंका जताई। छात्रों का कहना है कि अगर सीबीएसई की ओर से बायोमेट्रिक डेटा न होने के कारण उन्हें अनुपस्थित घोषित किया गया तो उनकी साल भर की मेहनत और करियर दांव पर लग जाएगा।

यह भी पढ़ें:- फर्जी नौकरी और निवेश के जाल में फंसे लोग, 3 अलग-अलग जिलों में 65 लाख से ज्यादा की ठगी

बिलासपुर के अन्य परीक्षा केंद्रों पर थंब इम्प्रेशन और बायोमेट्रिक सत्यापन सुचारू रूप से हुआ, लेकिन रेलवे परिसर स्थित इस स्कूल में यह प्रक्रिया पूरी तरह नजरअंदाज की गई। परीक्षा हॉल में प्रवेश से लेकर पेपर खत्म होने तक किसी भी छात्र का बायोमेट्रिक मिलान नहीं किया गया। जैसे ही छात्रों को यह जानकारी मिली कि अन्य केंद्रों पर डिजिटल उपस्थिति अनिवार्य रूप से ली गई, उनका गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि परीक्षा केंद्र की तकनीकी विफलता का खामियाजा वे क्यों भुगतें। इसके बाद छात्रों ने परिसर में नारेबाजी की और केंद्राध्यक्ष से लिखित स्पष्टीकरण की मांग की। (CTET Exam in Bilaspur)

छत्तीसगढ़ के 3 जिलों में बने केंद्र

उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें लिखित में यह आश्वासन नहीं मिलता कि उनकी परीक्षा मान्य होगी, वे पीछे नहीं हटेंगे। केंद्राध्यक्ष ने तकनीकी खराबी की सफाई दी है, लेकिन छात्रों ने अपनी सुरक्षा और रिजल्ट की गारंटी को लेकर अड़ गए हैं। अब यह देखना बाकी है कि प्रशासन इस चूक पर क्या रुख अपनाता है और परीक्षार्थियों की शंकाओं का समाधान कैसे होता है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में CTET परीक्षा के लिए भिलाई/दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर में केंद्र बनाए गए थे, जहां अलग-अलग स्कूल और कॉलेज भवनों में परीक्षा के लिए व्यवस्था की गई थी। परीक्षा में नियमों के अनुसार हर अभ्यर्थी का बायोमेट्रिक सत्यापन और थंब इम्प्रेशन लेना अनिवार्य था। अधिकांश केंद्रों पर यह प्रक्रिया सुचारू रूप से हुई, लेकिन बिलासपुर के रेलवे परिसर स्थित परीक्षा केंद्र में तकनीकी लापरवाही देखने को मिली, जिसके कारण छात्रों ने हंगामा किया।

Back to top button
error: Content is protected !!