दामाखेड़ा का नाम बदला, अब कहलाएगा ‘कबीर धर्म नगर, दामाखेड़ा’
Balodabazar News : छत्तीसगढ़ सरकार ने कबीरपंथियों की आस्था से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थल दामाखेड़ा (Damakheda) के नाम परिवर्तन की प्रक्रिया को विधिवत रूप से पूर्ण कर लिया है।
राज्य शासन द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की सिमगा तहसील स्थित ग्राम दामाखेड़ा अब ‘कबीर धर्म नगर, दामाखेड़ा’ के नाम से जाना जाएगा। इस संबंध में छत्तीसगढ़ राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि दामाखेड़ा के नाम परिवर्तन का निर्णय 4 जून 2025 को आयोजित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया था। मंत्रिपरिषद की स्वीकृति के बाद प्रस्ताव को केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय को भेजा गया, जहां से आवश्यक सहमति प्राप्त होने के पश्चात इसे अंतिम मंजूरी दी गई। (Balodabazar News)
इसके तहत सामान्य प्रशासन विभाग ने 5 फरवरी 2026 से नाम परिवर्तन प्रभावी होने को लेकर औपचारिक अधिसूचना जारी की है। अब सभी शासकीय अभिलेखों, दस्तावेजों और प्रशासनिक कार्यों में नया नाम प्रयुक्त किया जाएगा।
सरकार के इस निर्णय से कबीरपंथी समाज में हर्ष का माहौल है। माना जा रहा है कि नए नाम से इस धार्मिक स्थल की पहचान और अधिक सशक्त होगी तथा कबीर साहेब की शिक्षाओं और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। (Balodabazar News)



