रायपुर में कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय महाधिवेशन, नहीं होगा कांग्रेस वर्किंग कमेटी का चुनाव

Congress Convention 2023: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय महाधिवेशन हो रहा है, जिसमें शामिल होने देशभर से कांग्रेस नेता पहुंचे हैं। सोनिया और राहुल गांधी भी आज अधिवेशन में शामिल होने पहुंचे, जिनका एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भूपेश बघले समेत कई नेताओं ने स्वागत किया। वहीं महाधिवेशन में स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई, जिसमें तय हुआ है कि CWC यानी कांग्रेस कार्य समिति का चुनाव नहीं होगा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सदस्य नॉमिनेट करने का अधिकार सर्वसम्मति से दिया गया है। अधिवेशन में कांग्रेस पार्टी के संविधान में संशोधन पर भी विचार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:- खून से सनी छत्तीसगढ़ की सड़कें, अलग-अलग हादसे में 16 लोगों की मौत

सब्जेक्ट समिति की बैठक में राजनीतिक, आर्थिक और विदेशी मामले, कृषि, युवा शिक्षा, रोजगार, सामाजिक कल्याण, सशक्तिकरण के विषयों पर बात हुई। इस पर राजनीतिक प्रस्ताव भी लाया जा सकता है। स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अधिवेशन इस लिहाज से खास है कि आज से करीब 100 साल पहले 1924 में महात्मा गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए थे। तब यह महाधिवेशन मेरे गृह राज्य कनार्टक के बेलगांव में हुआ था। उन्होंने कम समय में कांग्रेस को गरीब, कमजोर तबकों, गांव-देहात और नौजवानों को एक साथ जोड़कर एक आंदोलन बना दिया था। 100 साल बाद उसी संकल्प की जरूरत है। ये उनके प्रति हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। (Congress Convention 2023)

खड़गे ने कहा कि कांग्रेस के हर महाधिवेशन में कुछ अहम फैसले हुए हैं, जिससे हमारा संगठन आगे बढ़ा। कुछ अधिवेशन मील के पत्थर बने। राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा से देशभर में जो ऊर्जा भरी और महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मुद्दों पर जिस तरह जागरूकता फैलाई है, उस जोश को हमें बनाए रखना है। स्टीयरिंग कमेटी की बैठक के बाद जयराम रमेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके CWC चुनाव पर जानकारी दी। कांग्रेस संचार प्रमुख के अध्यक्ष जयराम रमेश ने कहा है कि स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई है। (Congress Convention 2023)

जयराम रमेश ने कहा कि सभी सदस्यों ने अपनी राय रखी है। सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष को यह अधिकार दिया जाए कि वह कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों को मनोनीत करें। हमारे पार्टी के संविधान में बड़े महत्वपूर्ण संशोधन का प्रस्ताव है। इस पर भी विचार होगा। इधर, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि इस अधिवेशन में आने वाली राजनीति का रास्ता तय होगा। सभी कार्यकर्ताओं के अंदर एक ऊर्जा का संचार होगा। भाजपा की नाकामी हम लोगों को जन-जन तक पहुंचाना है। मुझे लगता है कि सहयोगियों के साथ हम लोग 2024 का चुनाव चुनौती देकर जीत सकते हैं। 25 और 26 फरवरी को क्या-क्या होगा। (Congress Convention 2023)

कल 10.30 बजे कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का संबोधन होगा। इसके बाद सोनिया गांधी 11:30 बजे महाधिवेशन को संबोधित करेंगी। 25 फरवरी को राजनीतिक, आर्थिक और इंटरनेशनल मुद्दों पर चर्चा होगी। वहीं राहुल गांधी 26 फरवरी को पहले सत्र में महाधिवेशन को संबोधित करेंगे। 26 फरवरी को कृषि, किसान कल्याण, युवा रोजगार और शिक्षा समेत सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण पर चर्चा होगी। दो बजे खड़गे का अंतिम भाषण होगा। 3 बजे पब्लिक रैली होगी, जिसमें कांग्रेस के बड़े नेता जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं। रायपुर में 12 से ज्यादा डोम तैयार किए गए हैं। हर डोम एयरकंडीशंड हैं, जिनकी कूलिंग क्षमता 350-350 एसी के बराबर है। इसके लिए एसी की पाइप लाइनें बिछा दी गई हैं। मंच के आसपास ही 170 से ज्यादा एसी लगाए गए हैं। हर दिन 20 हजार लोगों के लिए खाना तैयार करने का प्लान है। (Congress Convention 2023)

Related Articles

Back to top button