पाकिस्तान से ड्रग्स सप्लाई, रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराष्ट्रीय तस्कर समेत 9 आरोपी गिरफ्तार 

Drugs Supply in Raipur: पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते संचालित हो रहे ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क पर रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय तस्कर समेत स्थानीय नेटवर्क के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से करीब 1 करोड़ रुपए कीमत की 412 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने पंजाब से जुड़े इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के अहम सबूत भी जुटाए हैं। रायपुर SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी लवजीत सिंह उर्फ बंटी, पंजाब के गुरदासपुर का रहने वाला है, जो पाकिस्तान से हेरोइन मंगाकर भारत में सप्लाई करता था। ड्रग्स तस्कर पंजाब में हेरोइन लाते थे। इसकी अलग-अलग राज्यों में डिलीवरी होती थी। इसमें छत्तीसगढ़ का रायपुर भी शामिल है। रायपुर में इसका प्रमुख सहयोगी सुवित श्रीवास्तव है, जिसने कमल विहार स्थित अपने मकान को सप्लाई नेटवर्क का हब बना रखा था। 

यह भी पढ़ें:- पति का दूसरी महिला से अफेयर, पहली पत्नी को फोन पर दिया तीन तलाक 

SSP के मुताबिक तस्कर जांच एजेंसियों से बचने के लिए अंतरराष्ट्रीय नंबरों के जरिए नेट कॉलिंग का उपयोग कर रहे थे। वहीं ग्राहकों को वीडियो और लोकेशन शेयरिंग के माध्यम से हेरोइन पहुंचाई जा रही थी। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपए के लेन-देन का भी खुलासा हुआ है। पैसों के लेनदेन में म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल, क्रेटा कार, तौल मशीन, सिल्वर रोल पेपर, हेरोइन पीने में इस्तेमाल जला हुआ नोट, एटीएम कार्ड और चेकबुक जब्त किए हैं। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पाकिस्तान कनेक्शन के चलते रायपुर पुलिस इस मामले को केंद्रीय जांच एजेंसियों को भी सौंप सकती है। (Drugs Supply in Raipur)

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

  • लवजीत सिंह उर्फ बंटी, मुख्य सप्लायर, गुरदासपुर, पंजाब 
  • सुवित श्रीवास्तव, रायपुर का मुख्य सरगना, कमल विहार
  • लक्ष्य परिफल राघव उर्फ लव, रायपुर पैडलर
  • अनिकेत मालाधरे, गोंदिया, महाराष्ट्र
  • मनोज सेठ, महासमुंद-रायपुर सप्लायर
  • मुकेश सिंह, रायपुर कूरियर
  • जुनैद खान उर्फ सैफ चिला, रायपुर लोकल डीलर
  • राजविंदर सिंह उर्फ राजू, कांकेर-रायपुर फील्ड लिंक
  • अश्वन चंद्रवंशी, डोंगरगांव-रायपुर सप्लाई लिंक

ड्रग्स सिंडिकेट में हर आरोपी का रोल पहले से तय था। गिरफ्तार आरोपियों में कोई पैकेजिंग करता, कोई डिलीवरी, कोई अकाउंट मैनेज करता तो कोई ग्राहक खोजता था। सिंडिकेट ने हर किसी के अलग-अलग रोल तय किए थे, ताकि नशे के कारोबार को अच्छे से ऑपरेट किया जा सकें। बता दें कि कुछ दिनों पहले रायपुर में एक युवती के ड्रग्स चाटने का वीडियो वायरल हुआ था। वहीं पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और SSP डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। महीनों की निगरानी, बैंक ट्रेसिंग और टेक्निकल सर्विलांस के बाद 3 अगस्त को रायपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने कमल विहार के फ्लैट में दबिश दी। इस दौरान कमल विहार से लवजीत सिंह, सुवित श्रीवास्तव और अश्वनी चंद्रवंशी पकड़े गए। मौके से 412.87 ग्राम हेरोइन, मोबाइल, कार, ड्रग पैकेजिंग सामग्री और लेन-देन के दस्तावेज बरामद किए गए। पूछताछ के बाद रायपुर में सक्रिय स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स और सप्लायर्स की गिरफ्तारी की गई। (Drugs Supply in Raipur)

Back to top button
error: Content is protected !!