किसानों की होली हुई रंगीन: खातों में पहुंची धान बोनस की राशि, 10,292 करोड़ रुपये ट्रांसफर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए होली से पहले बड़ी खुशखबरी आई है। विष्णु देव साय ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत धान बोनस एवं आदान सहायता राशि किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर की। इससे प्रदेशभर के किसानों की होली की खुशियां दोगुनी हो गई हैं।
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, योजना के तहत 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में कुल 10,292 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है। वहीं कबीरधाम जिले के 1 लाख 17 हजार 344 किसानों को 461.82 करोड़ रुपये का लाभ मिला है।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
मुख्य कार्यक्रम कवर्धा विकासखंड स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित किया गया। इसके अलावा बोड़ला, सहसपुर लोहारा और पंडरिया विकासखंडों में भी समानांतर कार्यक्रम हुए। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से किसानों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
खरीफ सीजन की तैयारी में सहायक
कृषक उन्नति योजना के तहत जारी यह राशि किसानों को होली जैसे पर्व पर आर्थिक संबल प्रदान करेगी। साथ ही आगामी खरीफ सीजन की तैयारी में भी मददगार साबित होगी।
इस राशि से किसान खाद, बीज और अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था बेहतर ढंग से कर सकेंगे। होली से पहले बोनस राशि मिलने से किसानों में उत्साह का माहौल है।



