कल से एक्टिव हो सकता है साइक्लोन मोचा, छत्तीसगढ़, MP समेत कई राज्यों में दिखेगा असर

Cyclone Mocha: देश के कई राज्यों में बेमौसम बारिश के चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की ये परेशानी फिलहाल कम होते नहीं दिख रही है। दरअसल, देश में बारिश का मौसम अभी कुछ दिनों तक ऐसे ही रह सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि 7 से 9 मई के बीच बंगाल की खाड़ी से चक्रवाती तूफान मोचा एक्टिव हो जाएगा। इसकी वजह से न सिर्फ देश के पूर्वी हिस्से में बारिश होगी, बल्कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तरप्रदेश में अगले 4 दिन तक मौसम खराब रह सकता है।

यह भी पढ़ें:- हाईवे पर डंपर से टकराई कार, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

चक्रवात की चेतावनी जारी करने के साथ ही मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले 4 दिनों तक समंदर से दूर रहने की सलाह दी है।वहीं देश के दक्षिणी राज्यों और उत्तर के पहाड़ी राज्यों में भी बारिश होगी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की पहाड़ियों पर बेमौसमी बर्फबारी की आशंका है। मौसम में बदलाव से पंजाब, हरियाणा और राजस्थान भी नहीं बचेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक इन तीन राज्यों में ओलावृष्टि की आशंका है। केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। (Cyclone Mocha)

मौसम विभाग के मुताबिक भारत में अब तक प्री-मानसून सीजन में 28% ज्यादा बारिश हो गई है। जबकि मध्य भारत में सामान्य से 268% ज्यादा बारिश हुई है। वहीं 21 अप्रैल के बाद देश में कहीं भी लू चलने की खबरें नहीं मिली हैं। बद्रीनाथ हाईवे 12 घंटे बाद शुक्रवार को यातायात के लिए फिर खोल दिया गया। इसके बाद जगह-जगह फंसे 10 हजार से ज्यादा यात्री आगे के लिए रवाना हुए। जोशीमठ से करीब 13 किमी दूर हेलंग के पास गुरुवार शाम को चारधाम मार्ग को जोड़ने वाली बारहमासी सड़क के चौड़ीकरण का काम चल रहा था। तब कुछ मलबा गिरने से रास्ता जाम हो गया था। (Cyclone Mocha)

बेमौसम बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान फसलों को पहुंचा है। 15 दिन से जारी बेमौसम बारिश से देश के 18 राज्यों में फल और सब्जी की फसलें प्रभावित हुई हैं। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में प्याज की फसलों को बड़ा नुकसान हुआ है। उत्तरप्रदेश में आलू और पंजाब, दिल्ली समेत अधिकांश राज्यों में हरी सब्जियों की फसलों को ज्यादा नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही अंगूर, केले और आम के फसलों को भी पारी नुकसान हुआ है, जिससे किसान परेशान हैं। साथ ही मुआवजे की मांग कर रहे हैं। (Cyclone Mocha)

बता दें कि साइक्लोन शब्द ग्रीक भाषा के साइक्लोस से लिया गया है, जिसका अर्थ है सांप की कुंडलियां। इसे ऐसा इसलिए कहा जाता है क्योंकि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में ट्रोपिकल साइक्लोन समुद्र में कुंडली मारे सांपों की तरह दिखाई देते हैं। साइक्लोन एक गोलाकार तूफान होते हैं, जो गर्म समुद्र के ऊपर बनते हैं। जब ये साइक्लोन जमीन पर पहुंचते हैं, तो अपने साथ भारी बारिश और तेज हवाएं लेकर आते हैं। ये हवाएं उनके रास्ते में आने वाले पेड़ों, गाड़ियों और कई बार तो घरों को भी तबाह कर सकती हैं। वहीं कई बार इसका खतरनाक असर भी देखने को मिलता है।  (Cyclone Mocha)

Related Articles

Back to top button