छत्तीसगढ़ में होली पर हाई अलर्ट, रायपुर से बस्तर तक कड़ी सुरक्षा, हजारों जवान तैनात

High Alert on Holi: रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए छत्तीसगढ़ के प्रमुख जिलों में पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। रायपुर से लेकर बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर और राजनांदगांव तक पुलिस फोर्स अलर्ट मोड पर है। हुड़दंगियों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। राजधानी रायपुर में होली के मद्देनजर ‘फुलप्रूफ’ सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। पुलिस ग्राउंड में अधिकारियों और जवानों को दिशा-निर्देश दिए गए, जिसके बाद शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh Environment : प्रदूषण फैलाने वालों पर शिकंजा: धड़ाधड़ बंद हुए उद्योग, मची हड़कंप
- 2500 से 3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
- 100 पेट्रोलिंग वाहन और 160 से ज्यादा चेक पोस्ट
- 60 से ज्यादा ट्रैफिक चेकिंग प्वाइंट
- 500 ट्रैफिक जवान प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात
- ड्रोन कैमरों से संवेदनशील इलाकों की निगरानी
- 5 मिनट का रिस्पॉन्स टाइम तय
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार में खलल डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। शहर को तीन सेक्टरों में बांटकर डीसीपी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ड्रिंक एंड ड्राइव, तेज रफ्तार और ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर विशेष कार्रवाई होगी। वाहन जब्त कर चालकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्राइम ब्रांच की 150 सदस्यीय टीम सिविल ड्रेस में अवैध शराब और नशीले पदार्थों पर नजर रखेगी। (High Alert on Holi)
बिलासपुर में मजिस्ट्रेट तैनात
बिलासपुर में होली के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने तहसीलदार और कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगाई गई है। तहसीलदार प्रकाश साहू को सिविल लाइन और तारबहार, अतिरिक्त तहसीलदार गरिमा ठाकुर को सिरगिट्टी थाना क्षेत्र, अतिरिक्त तहसीलदार प्रकृति ध्रुव को कोनी और सरकंडा थाना क्षेत्र, अतिरिक्त तहसीलदार आकाश गुप्ता को कोतवाली और तोरवा थाना क्षेत्र, नायब तहसीलदार टोपलाल सिदार को पुलिस कंट्रोल रूम के लिए तैनात किया गया है।
दुर्ग में 900 जवान, 30 फिक्स पॉइंट, ड्रोन निगरानी
दुर्ग जिले में भिलाई कंट्रोल रूम से मार्च पास्ट निकाला गया। 30 से ज्यादा फिक्स पॉइंट, 900 से ज्यादा पुलिस बल तैनात, ड्रोन से निगरानी, 70 से ज्यादा गुंडा-बदमाशों को बुलाकर समझाइश दी गई। अवैध शराब बिक्री पर लगातार कार्रवाई जारी है। हथियार लेकर घूमने वालों को थानों में जमा करने की चेतावनी दी गई है। बॉर्डर क्षेत्रों में आने-जाने वालों की जांच की जा रही है। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में होलिका दहन और रंगोत्सव के दौरान 400 जवान तीन दिनों तक तैनात रहेंगे। भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त बल लगाया गया है। व्यापारी संगठनों के साथ बैठक कर केमिकल युक्त रंग और आपत्तिजनक मुखौटे न बेचने की अपील की गई है। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार डीजे के उपयोग पर भी नजर रखी जा रही है।
राजनांदगांव में 700 जवान, ड्रोन से नजर
राजनांदगांव में बाजारों में होली की रौनक के बीच पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। आपत्तिजनक मुखौटे और सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे में वाहन न चलाएं और जबरन रंग न लगाएं। (High Alert on Holi)
- 700 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात
- संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी
- ड्रोन कैमरों से पहली बार निगरानी
- निगरानी सूची में शामिल बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
प्रदेशभर में प्रशासन ने नागरिकों से शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार उल्लास का प्रतीक है, लेकिन कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कुल मिलाकर रंगों के इस पर्व पर एक ओर जहां बाजारों में उत्साह और उमंग है, वहीं दूसरी ओर पुलिस और प्रशासन की सख्ती भी साफ नजर आ रही है, ताकि होली का त्योहार प्रदेशभर में हर्षोल्लास और शांति के साथ संपन्न हो सके।



