दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया, चौथी बार T-20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची टीम इंडिया

India in The Final: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत ने T-20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया चौथी बार T-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। अब भारत 8 मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबला खेलेगा। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी।
यह भी पढ़ें:- देश में राज्यपाल-उपराज्यपाल पदों पर बड़ा फेरबदल, आर.एन. रवि बने बंगाल के गवर्नर
भारतीय टीम की जीत के हीरो संजू सैमसन रहे। उन्होंने 42 गेंदों में 89 रन की विस्फोटक पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने। सैमसन ने अपनी पारी में कई शानदार चौके-छक्के लगाए और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके अलावा शिवम दुबे ने 43 रन बनाए, लेकिन वे फिफ्टी से 7 रन से चूक गए। ईशान किशन ने 39, हार्दिक पंड्या ने 27 और तिलक वर्मा ने 21 रन का योगदान दिया। 254 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए। हालांकि चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जैकब बेथेल ने शानदार शतक जड़कर टीम को मैच में बनाए रखा। (India in The Final)

बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रन की पारी खेली। उन्होंने टॉम बैंटन, विल जैक्स और सैम करन के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी भी की, लेकिन उनके आउट होने के बाद इंग्लैंड की उम्मीद लगभग खत्म हो गई। भारतीय गेंदबाजों ने डेथ ओवर्स में शानदार गेंदबाजी की। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने आखिरी ओवरों में रन रोककर इंग्लैंड को लक्ष्य से दूर रखा। हार्दिक पंड्या ने भी मैच की पहली गेंद पर ही फिल सॉल्ट का विकेट लेकर इंग्लैंड पर दबाव बना दिया था। भारत अब तक 2007, 2014 और 2024 में T-20 वर्ल्ड कप फाइनल खेल चुका है। 2026 में चौथी बार फाइनल में पहुंचकर टीम इंडिया ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। इसके साथ ही भारत लगातार दो T-20 वर्ल्ड कप (2024 और 2026) के फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम भी बन गया है। इससे पहले पाकिस्तान (2007-2009) और श्रीलंका (2012-2014) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।




