चलती ट्रेन के वॉशरूम में मिली जज की पत्नी की लाश, स्टेशन पर इंतजार करता रह गया पति
रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां चलती ट्रेन के वॉशरूम में एक जज की पत्नी की मौत हो गई, जिससे रेलवे और प्रशासन में हड़कंप मच गया। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि स्टेशन पर खड़े पति को काफी देर तक यह पता ही नहीं चल पाया कि उनकी पत्नी ट्रेन के अंदर ही दम तोड़ चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार यह घटना कांचीगुड़ा–भगत की कोठी एक्सप्रेस में हुई। राजस्थान के निंबाहेड़ा में पदस्थ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ जोधपुर से निंबाहेड़ा लौट रहे थे। दोनों का रिजर्वेशन अलग-अलग कोच में था, इसलिए वे अलग डिब्बों में यात्रा कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंचने से कुछ समय पहले उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया था कि वह वॉशरूम जा रही हैं। इसके कुछ ही देर बाद ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंच गई। जज राजकुमार चौहान अपने कोच से उतरकर पत्नी का इंतजार करते रहे, लेकिन काफी देर तक वह नजर नहीं आईं।
जब काफी देर तक उनका कोई पता नहीं चला तो उन्होंने यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसी बीच ट्रेन आगे के लिए रवाना हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रेन को पहले मंदसौर स्टेशन पर रुकवाया और तलाशी शुरू की, लेकिन वहां भी महिला का पता नहीं चला। इसके बाद मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की गई, जिससे संकेत मिला कि फोन अभी भी ट्रेन में ही मौजूद है।
लोकेशन के आधार पर ट्रेन को आगे जावरा स्टेशन पर रुकवाया गया। यहां पुलिस ने उस कोच की जांच की जिसमें उषा चौहान यात्रा कर रही थीं। तलाशी के दौरान एक वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया।
दरवाजा खुलते ही अंदर उषा चौहान अचेत अवस्था में मिलीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि उनकी मौत साइलेंट हार्ट अटैक की वजह से हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।



