अगर आप व्हाट्सएप यूजर हैं तो पढ़ लें ये खबर, 1 मार्च 2026 से बदल जाएंगे नियम

Messaging Apps Digital Regulation: अगर आप व्हाट्सएप यूजर हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दरअसल, 1 मार्च 2026 से नए ‘सिम बाइंडिंग’ नियम लागू हो रहे हैं, जिनके बाद आपका व्हाट्सएप तभी काम करेगा जब रजिस्टर्ड सिम कार्ड उसी मोबाइल में लगा होगा। सिम निकालते ही एप बंद हो सकता है और कंप्यूटर पर लॉगिन भी सीमित हो जाएगा। बता दें कि केंद्र सरकार ने ‘सिम बाइंडिंग’ नियमों को लागू करने की 28 फरवरी की समय-सीमा बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया है। अब यह नियम 1 मार्च 2026 से पूरे देश में लागू होगा। सरकार का कहना है कि इससे साइबर फ्रॉड और डिजिटल धोखाधड़ी पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार कोई समझौता नहीं करेगी।
क्या है ‘सिम बाइंडिंग’ ?
‘सिम बाइंडिंग’ एक सुरक्षा व्यवस्था है, जिसमें आपके मोबाइल नंबर से जुड़े मैसेजिंग एप को आपके फोन में मौजूद उसी फिजिकल सिम कार्ड से लॉक कर दिया जाएगा। इसका मतलब है कि जिस नंबर पर आपका अकाउंट बना है, वही सिम उसी फोन में लगा होना जरूरी होगा। सरल शब्दों में कहें तो अगर सिम फोन में नहीं है तो एप काम नहीं करेगा। नए नियम के तहत लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म जैसे WhatsApp, Telegram और Signal पर असर पड़ेगा। इन सभी पर सिम बाइंडिंग लागू होगी। अगर आप लैपटॉप या कंप्यूटर पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं तो अब हर 6 घंटे में लॉगआउट हो सकता है, अगर आपका सिम कार्ड फोन में मौजूद नहीं है। (Messaging Apps Digital Regulation)
सरकार ने डेडलाइन क्यों नहीं बढ़ाई ?
इंडस्ट्री से जुड़े संगठनों का कहना है कि यह नियम प्रोफेशनल्स और मल्टी-डिवाइस यूजर्स के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि नियम साइबर फ्रॉड रोकने के लिए जरूरी हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है। समय-सीमा बढ़ाने पर फिलहाल कोई विचार नहीं किया गया है। सरकार का दावा है कि सिम बाइंडिंग से हैकर्स किसी दूसरे डिवाइस से आपके नंबर का दुरुपयोग नहीं कर पाएंगे। (Messaging Apps Digital Regulation)

1 मार्च 2026 से यूजर्स को क्या करना होगा ?
1 मार्च से यूजर्स को यह सुनिश्चित करना होगा कि जिस नंबर पर WhatsApp या अन्य मैसेजिंग ऐप चल रहा है, वही सिम उसी फोन में लगा हो। सिम कार्ड निकालने पर ऐप काम करना बंद कर सकता है। मल्टी-डिवाइस लॉगिन सीमित हो सकता है। इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (IAMAI) ने सरकार को चेतावनी दी है कि हर 6 घंटे में लॉगआउट का नियम दिक्कत पैदा करेगा। एक अकाउंट को कई लोग इस्तेमाल करते हैं, उन्हें समस्या होगी। कॉर्पोरेट और प्रोफेशनल यूजर्स प्रभावित होंगे।
नियम न मानने पर क्या होगा?
सरकार ने कंपनियों को 120 दिन के भीतर अनुपालन रिपोर्ट देने को कहा है। अगर कंपनियां नियमों का पालन नहीं करती हैं तो उनके खिलाफ टेलीकॉम कानून, साइबर सिक्योरिटी नियम और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक को लेकर मंत्री ने कहा कि कंपनी ने अभी तक सभी जरूरी सुरक्षा डेमो पूरे नहीं किए हैं। सरकार चाहती है कि कंपनी यह सुनिश्चित करे कि भारतीय सीमा के बाहर इंटरनेट सेवा बंद की जा सके। जरूरत पड़ने पर नेटवर्क कंट्रोल उपलब्ध कराया जा सके। जब तक ये शर्तें पूरी नहीं होती, तब तक लॉन्चिंग संभव नहीं है।
BSNL अफसर विवाद
सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के डायरेक्टर विवेक बंजल के प्रयागराज दौरे से जुड़ा एक आदेश वायरल हुआ था, जिसमें उनकी सेवा के लिए लगभग 50 कर्मचारियों की व्यवस्था करने को कहा गया था। इस पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के भारत में इस तरह की व्यवस्था स्वीकार्य नहीं है। मंत्री सिंधिया ने कहा कि BSNL की वित्तीय स्थिति अब बेहतर हो रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी इस समय हेल्दी कैश फ्लो जेनरेट कर रही है और धीरे-धीरे मजबूत हो रही है। सरकार का दावा है कि यह कदम डिजिटल धोखाधड़ी रोकने की दिशा में बड़ा बदलाव साबित होगा। हालांकि आने वाले समय में यह देखना होगा कि इससे आम यूजर्स और कंपनियों को कितनी व्यावहारिक दिक्कतें आती हैं।
आम यूजर के लिए क्या मायने ?
- आपका मैसेजिंग एप अब आपके सिम कार्ड से जुड़ा रहेगा
- सिम निकालने पर एप बंद हो सकता है
- मल्टी-डिवाइस इस्तेमाल सीमित हो सकता है
- सुरक्षा बढ़ेगी, लेकिन सुविधा कुछ हद तक घट सकती है



