अब घर में घुसकर मारता है भारत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi in Bihar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के जमुई के खैरा में सभा को संबोधित किया। साथ ही कहा कि आज जमुई की इस धरती पर उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि जनता का मूड क्या है। जमुई से भाजपा और एनडीए के पक्ष में उठी ये हुंकार बिहार के साथ ही पूरे देश में गूंज रही है। आज इस मंच से एक कमी हम सबको महसूस हो रही है। हमारे लिए ये पहला ऐसा चुनाव है, जब बिहार के बेटे, दलितों-वंचितों के प्रिय और मेरे परम मित्र पद्म भूषण से सम्मानित रामविलास पासवान जी हमारे बीच नहीं हैं। मुझे संतोष है कि रामविलास जी के विचार को मेरे छोटे भाई चिराग पासवान पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रहे हैं।

PM मोदी ने कहा कि बिहार की धरती पूरे देश को दिशा दिखाने वाली रही है। बिहार की इस धरती ने आजादी की लड़ाई में और स्वतंत्र भारत की नींव मजबूत करने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। लेकिन दुर्भाग्य से आजादी के बाद बिहार के सामर्थ्य के साथ न्याय नहीं हो पाया। बिहार को NDA गठबंधन बहुत ही परिश्रम से एक बड़े दलदल से बाहर निकाल कर लाया है। आज का भारत, दुनिया को दिशा दिखाता है। अब दुनिया देख रही है कि सिर्फ 10 सालों में भारत की साख और हैसियत कैसे बढ़ी है। रेलवे में भर्ती के नाम पर जो लोग गरीब युवाओं से जमीन लिखवा लें, वो बिहार के युवाओं का कभी भला नहीं कर सकते हैं। (PM Modi in Bihar)

उन्होंने कहा कि घमंडिया गठबंधन वालों के समय में केवल खस्ताहाल ट्रेनें चलती थी, लेकिन अब पूरे देश की तरह ही बिहार के लोग भी वंदेभारत ट्रेन में सफर कर रहे हैं। 10 साल में जो हुआ वो तो ट्रेलर है, अभी तो बहुत कुछ करना है। अभी तो हमें देश को, बिहार को बहुत आगे लेकर जाना है। ये मोदी गरीबी के ताप को सहकर यहां पहुंचा है, इसलिए हर गरीब के सपने का महत्व भलीभांति जानता है, उसे जीने का प्रयास करता है। आपका सपना ही मेरा संकल्प है। आज देश के सारे भ्रष्टाचारी, जो हमेशा एक दूसरे से लड़ते थे, अब मिलकर मोदी के खिलाफ हो गए हैं। मैं कहता हूं- भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं- भ्रष्टाचारी बचाओ। (PM Modi in Bihar)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक तरफ NDA सरकार है, जो नए उद्योग लगाने की बात करती है। दूसरी ओर ये लोग हैं, जिनकी पहचान अपहरण उद्योग की रही है। एक तरफ NDA सरकार है, जो सोलर पावर और LED लाइट की बात करती है।दूसरी ओर ये घमंडिया गठबंधन वाले लोग हैं, जो बिहार को लालटेन युग में रखना चाहते हैं। हमारी सरकार में राम मंदिर का 500 साल पुराना सपना पूरा हुआ है, जबकि आरजेडी-कांग्रेस ने राम मंदिर न बने, इसके लिए पूरी ताकत लगा दी थी। आज भी ये लोग राम मंदिर का उपहास उड़ाते हैं, अपमान करते हैं। कांग्रेस हो या आरजेडी… इन्होंने हर मौके पर बिहार और बिहारी गौरव का अपमान किया है। यही कांग्रेस और आरजेडी थी, जिसने कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया था। (PM Modi in Bihar)

प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी कुछ ही समय पहले हमारी सरकार ने बिहार के गौरव कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया, तब भी इन लोगों ने उसका विरोध किया। 2024 का चुनाव बिहार और भारत के भविष्य के लिए बहुत निर्णायक है। ये चुनाव विकसित बिहार के सपनों को पूरा करने का चुनाव है। ये चुनाव विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि पहले आतंकी हमारे ऊपर हमला कर के चले जाते थे। कांग्रेस दूसरे देशों के पास शिकायत लेकर जाती थी। हमने कहा ऐसे नहीं चलेगा। आज का भारत घर में घुसकर मारता है। PM मोदी ने कहा कि ये चुनावी सभा है या विजय सभा है। (PM Modi in Bihar)

Related Articles

Back to top button