नक्सली लीडर गणपति ने 15 साथियों के साथ किया सरेंडर !, अब तक 7 टॉप कमांडर कर चुके आत्मसमर्पण

Naxalite Leader Ganapati: नक्सल संगठन को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। दरअसल, नक्सली संगठन के पोलित ब्यूरो मेंबर और पूर्व जनरल सेक्रेट्री गणपति के तेलंगाना में 15 साथियों के साथ आत्मसमर्पण करने की खबर सामने आ रही है। गणपति उर्फ मुपल्ला लक्ष्मण राव वर्तमान में नक्सली संगठन के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक माना जाता है। गणपति का आत्मसमर्पण नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका साबित हो रहा है, क्योंकि वह लंबे समय तक संगठन का शीर्ष नेता रहा है और रणनीतिक फैसलों में उसकी अहम भूमिका रही है। हालांकि अभी तक सरेंडर को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री निवास में होली के रंग: CM साय ने अधिकारियों-कर्मचारियों संग मनाया रंगोत्सव
जानकारी के मुताबिक 74 साल के गणपति ने करीब 1970 के आसपास नक्सली संगठन जॉइन किया था और कई दशकों तक संगठन के जनरल सेक्रेट्री के रूप में काम किया। हालांकि 2018 में बढ़ती उम्र और खराब स्वास्थ्य के चलते उसने महासचिव पद छोड़ दिया था, लेकिन संगठन में उसकी पकड़ और प्रभाव बना रहा। गणपति पर कई राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों ने इनाम घोषित किया है। छत्तीसगढ़ में उस पर 1 करोड़ रुपए का इनाम घोषित है, जबकि तेलंगाना में 25 लाख रुपए का इनाम रखा गया है। इसके अलावा अन्य राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों की ओर से भी इनाम घोषित है, जिससे देशभर में कुल इनामी राशि करीब 3.5 करोड़ रुपए तक पहुंच जाती है।

इस बीच बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी ने भी जंगलों में सक्रिय बचे हुए नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने और आत्मसमर्पण करने की अपील दोहराई है। उन्होंने कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सरेंडर करने वाले नक्सलियों को बेहतर जीवन और पुनर्वास की सुविधाएं दी जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ महीनों में कई बड़े नक्सली नेताओं के आत्मसमर्पण के बाद संगठन की गतिविधियों पर भी असर पड़ा है। बड़े नेताओं के आत्मसमर्पण को सुरक्षा एजेंसियां नक्सल संगठन के लिए बड़ा झटका मान रही हैं, क्योंकि ये नेता संगठन की पोलित ब्यूरो और केंद्रीय कमेटी स्तर पर निर्णय लेने वाले प्रमुख चेहरे थे। (Naxalite Leader Ganapati)
इन टॉप नक्सली कमांडरों ने किया सरेंडर
- 13 सितंबर 2025 को 65 लाख की इनामी नक्सली सुजाता उर्फ कल्पना उर्फ पोथुला पद्मावती ने हैदराबाद (तेलंगाना) में सरेंडर किया।
- 14 अक्टूबर 2025 को 6 करोड़ के इनामी नक्सली मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति ने गढ़चिरौली (महाराष्ट्र) में सरेंडर किया।
- 17 अक्टूबर 2025 को 1 करोड़ के इनामी नक्सली सतीश उर्फ रूपेश उर्फ टक्कलपल्ली वासुदेव राव ने जगदलपुर (छत्तीसगढ़) में सरेंडर किया।
- 29 अक्टूबर 2025 को 50 लाख के इनामी नक्सली पुलुरी प्रसाद राव उर्फ चंद्रन्ना ने हैदराबाद (तेलंगाना) में सरेंडर किया।
- 8 दिसंबर 2025 को 40 लाख के इनामी नक्सली रामधर मज्जी उर्फ सोमा ने राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) में सरेंडर किया।
- 25 फरवरी 2026 को 1 करोड़ के इनामी नक्सली देवजी उर्फ थीपरी तिरुपति ने हैदराबाद (तेलंगाना) में सरेंडर किया।
- 25 फरवरी 2026 को 1 करोड़ के इनामी नक्सली मल्ला राजी रेड्डी उर्फ संग्राम ने हैदराबाद (तेलंगाना) में सरेंडर किया।



