CM पद छोड़ राज्यसभा जाएंगे नीतीश कुमार, खुद ट्वीट कर किया बड़ा ऐलान

Bihar CM Nitish Kumar : बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पिछले कुछ दिनों से चल रही अटकलों के बीच मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर यह साफ कर दिया है कि वे इस बार राज्यसभा के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला उन्होंने अपनी इच्छा से लिया है।
यह भी पढ़े :- T20 World Cup Semifinals: सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया, फाइनल में बनाई जगह
अपने पोस्ट में नीतीश कुमार ने लिखा कि पिछले दो दशकों से बिहार की जनता ने उन पर भरोसा और समर्थन बनाए रखा है। उसी विश्वास के बल पर उन्होंने पूरी निष्ठा से राज्य और लोगों की सेवा की है। उन्होंने कहा कि जनता के भरोसे की ताकत से आज बिहार विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। (Bihar CM Nitish Kumar)
संसद के दोनों सदनों का सदस्य बनने की इच्छा
नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि जब उन्होंने संसदीय जीवन की शुरुआत की थी, तभी से उनके मन में यह इच्छा थी कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। इसी क्रम में उन्होंने इस बार राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा जताई है।
जनता से विश्वास बनाए रखने की अपील
अपने संदेश में उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि बिहार की जनता से उनका रिश्ता पहले की तरह बना रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य को विकसित बनाने का संकल्प जारी रहेगा और बिहार में जो भी नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।
बिहार की राजनीति में बढ़ी हलचल
नीतीश कुमार के इस ऐलान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पिछले दो दिनों से राज्य में नेतृत्व और सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद यह साफ हो गया है कि आने वाले समय में राज्य की राजनीति और सत्ता संरचना में बदलाव देखने को मिल सकता है। लगभग 21 वर्षों तक बिहार की राजनीति में प्रभावी भूमिका निभाने के बाद अब नीतीश कुमार का यह नया राजनीतिक कदम माना जा रहा है।
चिराग पासवान ने दी बधाई
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ऐलान पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा, “माननीय मुख्यमंत्री जी, आपको एनडीए गठबंधन द्वारा राज्यसभा के लिए नामित किए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। पूर्ण विश्वास है कि आपके अनुभव, समर्पण और जनसेवा की भावना से संसद के उच्च सदन में देश और समाज के हितों को मजबूती मिलेगी।”
सम्राट चौधरी ने भी दी शुभकामनाएं
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी नीतीश कुमार को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और बिहार के समग्र विकास के लिए उनका निरंतर प्रयास हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व से राज्यसभा की गरिमा और भी सुदृढ़ होगी। (Bihar CM Nitish Kumar)



