नॉर्थ DCP मयंक गुर्जर की सख्ती, होटल–बार–क्लब संचालकों की अहम बैठक
रायपुर: डीसीपी नॉर्थ ज़ोन मयंक गुर्जर के नेतृत्व में आज 05 फरवरी को सी-4 स्थित सभा कक्ष में क्षेत्र के होटल, बार, क्लब एवं DJ संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य रायपुर में लागू पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था की जानकारी देना और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा शासन द्वारा निर्धारित नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करना था।
यह भी पढ़े :- मयाली बनेगा ग्लोबल टूरिज्म डेस्टिनेशन – मुख्यमंत्री साय
बैठक के दौरान डीसीपी नॉर्थ ज़ोन ने सभी संचालकों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी होटल, बार और क्लब अपने लाइसेंस की शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करें, निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही संचालन करें और किसी भी प्रकार के नियम उल्लंघन से बचें। उन्होंने प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की बिक्री एवं उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने पर जोर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश
डीसीपी गुर्जर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होटल में ठहरने वाले विदेशी नागरिकों की जानकारी समय पर पुलिस को उपलब्ध कराई जाए। महिला ग्राहकों और महिला स्टाफ की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। सभी प्रतिष्ठानों में पर्याप्त संख्या में कार्यशील सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और प्रवेश-निकास स्थलों पर सतत निगरानी रखी जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार के हथियार के साथ परिसर में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा तथा सुरक्षा जांच व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
स्टाफ वेरिफिकेशन और समन्वय पर जोर
डीसीपी ने कहा कि होटल, बार और क्लब परिसरों में किसी भी तरह की अनियमितता या अप्रिय स्थिति पाए जाने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी जाए। सभी कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाए और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
बैठक में यह भी कहा गया कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध रोकथाम और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। डीसीपी ने कहा कि यह बैठक न केवल दिशा-निर्देश देने के लिए थी, बल्कि संचालकों के सुझाव और अनुभव साझा करने का भी एक मंच रही।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और व्यावसायिक प्रतिष्ठान साझेदारी के रूप में कार्य करेंगे, ताकि रायपुर शहर में शांति, कानून व्यवस्था और सुरक्षा बनी रहे।



