बोलिविया में वायुसेना का विमान क्रैश, 15 लोगों की मौत, सड़क पर बिखरे नोट

Plane Crashe in Bolivia: दक्षिण अमेरिका के मध्य में स्थित बोलिविया देश के एल आल्टो शहर में एक बड़ा विमान हादसा हुआ है, जहां वायुसेना का हरक्यूलिस विमान रनवे पर लैंडिंग के दौरान फिसल गया और पास की व्यस्त सड़क पर जा गिरा। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हैं। विमान देश के सेंट्रल बैंक के नए नोट लेकर जा रहा था, जिसे उड़ान भरने से पहले उच्च सुरक्षा के बीच लोड किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक विमान खराब मौसम और सीमित दृश्यता के कारण रनवे से फिसला। विमान जैसे ही रनवे छोड़ता हुआ सड़क की ओर बढ़ा, वह सड़क पर खड़ी 10 से 15 गाड़ियों से टकरा गया।
यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष तेज, दोनों पक्षों में भारी नुकसान
हादसे के बाद सड़क पर विमान का मलबा, टूटी हुई गाड़ियां और शव बिखरे हुए मिले। साथ ही नोट भी सड़क पर फैल गए, जिन्हें उठाने के लिए आस-पास के लोग मौके पर जुट गए। स्थिति इतनी असहज हो गई कि पुलिस को पानी की बौछार और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। हादसे के कारण एल आल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। स्थानीय मीडिया के मुताबिक विमान दो टुकड़ों में बंट गया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राष्ट्रीय एयरलाइन ने बयान में कहा कि यह विमान उनके बेड़े का हिस्सा नहीं था, बल्कि बोलिवियन एयर फोर्स का विमान था। (Plane Crashe in Bolivia)

हादसे की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है, जिसमें विमान के लैंडिंग, मौसम और तकनीकी खामियों की समीक्षा की जाएगी। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है, कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने मृतकों की पहचान और मलबे का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने नागरिकों से सड़क पर जमा न होने और राहत कार्यों में बाधा न डालने की अपील की है। साथ ही एयरपोर्ट पर उड़ानों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक खराब मौसम, रनवे की लंबाई और तकनीकी खराबी किसी भी समय विमान दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इस घटना के बाद वायुसेना और एयरपोर्ट प्रशासन सुरक्षा प्रोटोकॉल और आपातकालीन तैयारी की समीक्षा करेंगे। (Plane Crashe in Bolivia)




