छत्तीसगढ़ में एक पल में उजड़े कई परिवार, अलग-अलग हादसों में 12 लोगों की मौत

Road Accident in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बलौदाबाजार, जशपुर और धमतरी में हुए अलग-अलग हादसों में 12 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मृतकों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। पहला मामला बलौदाबाजार जिले का है, जहां भाटापारा-सिमगा इलाके में सुबह साढ़े 10 बजे हाईवे पर दामाखेड़ा से 2 किलोमीटर आगे नांदघाट के पास आरबीएस कंपनी की बस को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 5 यात्रियों की मौत हो गई और 29 लोग घायल हुए, जिन्हें रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh Holi Liquor Sale : होली पर मदिरा की बंपर डिमांड, बिक्री ने तोड़े सारे रिकॉर्ड
मृतकों की पहचान
- दशरथ साहू (80), निवासी- बेमेतरा
- त्रिवेणी साह (62), निवासी- बेमेतरा
- राधिका निर्मलकर (24), निवासी- बेमेतरा
- चंचल साहू (21), निवासी- बिलासपुर
- खुशी साहू (2), निवासी- बेमेतरा
21 साल की चंचल साहू होली मनाकर अपने घर लौट रही थी। पिता ने उसे बस स्टॉप पर हंसते हुए विदा किया, लेकिन कुछ ही घंटे बाद हादसे की खबर मिली। पिता की आंखों के सामने बेटी की डेडबॉडी और उनका बिलखता हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं दूसरा हादसा जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में हुआ है, जहां झारखंड के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी जा रही बस गोडाअंबा गांव के पास तेज रफ्तार के कारण सड़क किनारे निर्माणाधीन मकान में जा घुसी और पलट गई। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। हादसे में 5 लोगों की मौत हुई, जिसमें एक 5 माह का बच्चा भी शामिल है। 12 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिन्हें कुनकुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया। (Road Accident in Chhattisgarh)
मृतकों की पहचान
- महेश राम (45), निवासी- मकरीबंधा, तपकरा
- बिमला (42), पत्नी महेश, मकरीबंधा
- घनश्याम (5 माह), निवासी- कुरडेग
- संपत्ति देवी (52), निवासी- सिमडेगा
- दिग्गेश्वर (40), निवासी- कुरडेग
हादसे की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या देवी साय अस्पताल पहुंची, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। कलेक्टर रोहित व्यास, एसपी लाल उमेद सिंह और जिला स्वास्थ्य अधिकारी जीएस जात्रा भी मौके पर मौजूद रहे। वहीं CM विष्णुदेव साय ने ट्वीट कर कहा कि हादसे का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इधर, जशपुर में एक और हादसा हुआ है। दरअसल, पत्थलगांव के फुलेता चौक में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
धमतरी में भी सड़क हादसा
वहीं धमतरी के कांसीपुरी गांव में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार हीरालाल ध्रुव को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हीरालाल की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा। छत्तीसगढ़ में इन हादसों ने सड़क सुरक्षा की गंभीर चुनौती को उजागर किया है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज और हादसों की जांच तेज कर दी है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सड़क पर सतर्क रहें और वाहन चालकों को गति सीमा का पालन करें। बता दें कि देश और प्रदेश में सबसे ज्यादा हादसे तेज गति और नियमों की अनदेखी की वजह से होती है। (Road Accident in Chhattisgarh)



