BJP फिर से सत्ता में आ गई तो देश के संविधान को बदल दिया जाएगा: प्रियंका गांधी

Priyanka Gandhi in Chhattisgarh: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बालोद और राजनांदगांव में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने BJP और साय सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि आपका यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है। आप मेहनती लोग हैं, जिन्होंने इस प्रदेश को बनाया है। देश के किसानों, आदिवासियों की मेहनत के बल पर ये देश बना है। हम सब एकजुट हुए, गांधी जी ने हमारा नेतृत्व किया और फिर आजादी हासिल की। देश आजाद हुआ तो संविधान बना और उससे हमें कई अधिकारे मिले, जिनमें से एक वोटिंग का अधिकार भी था।

यह भी पढ़ें:- CM योगी ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- उनका नक्सलवाद के साथ आंतरिक समझौता…

उन्होंने कहा कि आप दो बहुत महत्वपूर्ण मुद्दों को अपने मन में रखें। पहला- देश में कैसी राजनीति हो रही है, आपका भविष्य कैसा होगा? दूसरा- आपके जो संघर्ष हैं, उसकी कोई सुनवाई है या नहीं? महंगाई इतनी ज्यादा है कि घर के लोग कमा रहे हैं, लेकिन जरूरतें पूरी नहीं हो रही। आज देश में 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है, पढ़ने लिखने के बावजूद युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। आप इंदिरा गांधी जी का बहुत आदर करते हैं, क्योंकि वे आपके बीच आईं और आपकी तकलीफों को समझा। आपको आपके पट्टे लौटाने की कोशिश की, आपको आपके अधिकार दिए, लगातार आपके जीवन को बेहतर करने का काम किया। इंदिरा जी ने कभी भी दिखावे की राजनीति नहीं की, लेकिन अफसोस कि आज देश में कुछ लोग सिर्फ दिखावे की राजनीति कर रहे हैं। (Priyanka Gandhi in Chhattisgarh)

प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर BJP फिर से सत्ता में आ गई तो देश के संविधान को बदला जाएगा। भीषण महंगाई और बेरोजगारी होगी। जनता की समस्याएं बढ़ती चली जाएंगी। पूरा देश बड़े-बड़े उद्योगपतियों के हाथों में होगा। अगर परिवर्तन चाहते हैं तो अपने वोट से खुद के अधिकारों को मजबूत कीजिए। अपने वोट की ताकत से देश में बदलाव लाइए। देश में 10 साल से मोदी जी की सरकार है, लेकिन आपका जीवन कितना बदला, क्या आपकी तरक्की हुई? मीडिया दिखाती है- नरेंद्र मोदी दुनिया में हो रहे युद्धों को रुकवा सकते हैं। अगर नरेंद्र मोदी ये सब कर सकते हैं तो उन्होंने बेरोजगारी कम क्यों नहीं की?, महंगाई क्यों नहीं घटाई? अब या तो वे इतने ताकतवर नहीं हैं या महंगाई-बेरोजगारी घटाने की उनकी नीयत नहीं है। (Priyanka Gandhi in Chhattisgarh)

प्रियंका ने कहा कि BJP के नेता कह रहे हैं- हम संविधान बदल देंगे। दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी कहते हैं- हम संविधान नहीं बदलेंगे। ये एक साजिश है। जिसमें नरेंद्र मोदी खुद तो इस बात से इंकार करते हैं, लेकिन अपने नेताओं से जानबूझकर ऐसी बातें कहलवा रहे हैं। अगर इनको मौका मिला तो ये संविधान बदलने की कोशिश करेंगे, आपके अधिकारों को छीन ले जाएंगे। जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी तब यहां 2500 रुपये में धान की खरीदी होती थी। किसानों का कर्ज माफ होता था। भूमिहिनों को सालाना 7,000 रुपये दिए जाते थे। गोबर की खरीदी होती थी। बिजली बिल आधा किया गया था। हर परिवार को 35 किलो राशन मिलता था। (Priyanka Gandhi in Chhattisgarh)

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि कई आदिवासी परिवारों को जमीन का पट्टा मिला। यहां तेंदूपत्ता की सर्वाधिक कीमत थी। आंगनबाड़ी और मितानिन बहनों का मानदेय बढ़ा अब यहां BJP की सरकार है, जिसमें आपको सिर्फ 5 किलो चावल मिल रहा है। बेरोजगारी बढ़ रही है। बेरोजगारी भत्ता बंद है। गोबर की खरीदी बंद हो चुकी है। वर्मीकंपोस्ट का काम बंद हो रहा है। भूमिहीनों को पैसा मिलना बंद हो रहा है। मैं एक छोटे से गांव में गई। जहां एक बुजुर्ग महिला ने मुझे खीर खिलाई और कहा- ‘मैंने तुम्हारी दादी को भी खीर खिलाई थी।’ इंदिरा गांधी जी उस वक्त के सीमित साधनों में भी गांव-गांव तक जाती थीं, जनता से मिलती थीं। क्योंकि हमारे देश में नेता के लिए जनता सर्वोपरि होती है। ये हमारी परंपरा है, लेकिन आज नरेंद्र मोदी अहंकारी हो गए हैं। वे खुद को जनता से ऊपर समझने लगे हैं। (Priyanka Gandhi in Chhattisgarh)

उन्होंने कहा कि जब हमारे देश की बेटियों पर अत्याचार हुआ, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बचाने के बदले- अपनी नजरें फेर ली। जहां-जहां महिलाओं पर अत्याचार हुआ है, मोदी सरकार ने सिर्फ अत्याचारियों को ही बचाया है।  आदिवासियों को जल-जंगल-जमीन का अधिकार संविधान देता है। संविधान के लिए इस देश के महापुरुषों ने शहादत दी, आपके पूर्वजों ने खून-पसीना बहाया, लेकिन BJP के नेता संविधान बदलकर, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों की भागीदारी कमजोर करना चाहते हैं। नरेंद्र मोदी ‘इलेक्टोरल बॉन्ड’ लेकर आए, जिसमें चंदा देने वालों का नाम गुप्त रखा जाता था। फिर जब सुप्रीम कोर्ट ने चंदा देने वालों की जानकारी मांगी, तब जाकर PM मोदी का भ्रष्टाचार और उनकी सच्चाई देश के सामने आई। पता चला- मोदी सरकार में जिस कंपनी के ऊपर छापा मारा जाता था, उसी कंपनी से चंदा लेकर उनका केस बंद कर दिया जाता था। (Priyanka Gandhi in Chhattisgarh)

Related Articles

Back to top button