Su-shasan Tihar Sarangarh Bilaigarh : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कनकबीरा में चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की बात, विकास कार्यों की घोषणा भी की

Su-shasan Tihar Sarangarh Bilaigarh : सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम कनकबीरा पहुँचे, जहाँ उनका हेलीकॉप्टर प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास परिसर के पास उतरा। ग्रामवासियों के बीच गुलमोहर वृक्ष की छांव में चौपाल लगाकर उन्होंने आत्मीय संवाद किया और योजनाओं की ज़मीनी हकीकत जानी।
मुख्यमंत्री ने भावुकता के साथ कहा— “यह मेरा सौभाग्य है कि आप लोगों से मिलने का अवसर मिला। मुझे तीन बार आपने सांसद बनाया, और आज आप सभी से मिलकर ऐसा लग रहा है जैसे मैं अपने परिवार के बीच हूँ।”
यह भी पढ़ें :- अभी तो हमने कुछ किया नहीं और पाकिस्तान के पसीने छूट रहे हैं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनता से जुड़ने और रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करने का अवसर है। यह आयोजन न केवल योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा है, बल्कि सरकार की पारदर्शिता और जवाबदेही का प्रतीक भी है। (Su-shasan Tihar Sarangarh Bilaigarh)
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर नरगीखोल लात नाला पर पुलिया, कनकबीरा में मंगल भवन, कन्या छात्रावास और गोड़म में पंचायत भवन की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं और जिनका नाम “आवास प्लस” में है, उन्हें भी आवास मिलेगा। धान खरीदी दर 3100 रुपये प्रति क्विंटल, 21 क्विंटल प्रति एकड़, बकाया बोनस भुगतान, महतारी वंदन योजना से 70 लाख महिलाओं को लाभ और तेंदूपत्ता संग्रहण दर में 1500 रुपये की बढ़ोतरी जैसे कार्यों की जानकारी दी। (Su-shasan Tihar Sarangarh Bilaigarh)
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं और संवाद की झलकियाँ:
- भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई
- अटल डिजिटल सेवा केंद्र के विस्तार से गाँव-गाँव में बैंक जैसी सुविधाएं
- नामांतरण की प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाना
- पीएससी घोटाले की जांच पूरी, दोषियों पर कार्रवाई
- रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का पुनः प्रारंभ
- किसानों को उन्नत फसलों की ओर प्रेरित करना
भावनात्मक पल:
मुख्यमंत्री ने सारंगढ़ के प्रथम विधायक श्री शमशेर सिंह को अपने पास बुलाकर सम्मान दिया। वहीं 85 वर्षीय भागीरथी साहू को अपने गले का साफा पहनाकर आत्मीयता का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने कनकबीरा के दुर्गा मंदिर में दर्शन किए और मौसम खराब होने के कारण सड़क मार्ग से रायगढ़ के लिए रवाना हुए। (Su-shasan Tihar Sarangarh Bilaigarh)



