T20 World Cup Semifinals: सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया, फाइनल में बनाई जगह

T20 World Cup Semifinals: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए T-20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर दूसरी बार फाइनल में प्रवेश कर लिया। कीवी टीम ने 170 रन का लक्ष्य महज 12.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया और टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे तेज 150+ रनचेज का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन बनाए। पारी के दौरान डेवाल्ड ब्रेविस ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। 10वें ओवर में रचिन रवींद्र की गेंद पर ब्रेविस ने लेग स्टंप की फुल लेंथ गेंद को काउ कॉर्नर के ऊपर से शानदार छक्के के लिए भेजा। उनका यह ‘नो-लुक शॉट’ दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना।

यह भी पढ़ें:- इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष जारी, प्रधानमंत्री मोदी ने कई देशों के नेताओं से की बातचीत

साउथ अफ्रीकी पारी के दौरान न्यूजीलैंड के बेहतरीन फील्डर ग्लेन फिलिप्स से एक आसान कैच छूट गया। 10वें ओवर में रचिन रवींद्र की गेंद पर डेविड मिलर का शॉट डीप एक्स्ट्रा कवर की ओर गया, लेकिन फिलिप्स गेंद को पकड़ने में नाकाम रहे। खुद उन्हें भी अपने इस मिस्ड चांस पर विश्वास नहीं हुआ। 170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत धमाकेदार रही। सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने 33 गेंदों में नाबाद 100 रन ठोक दिए और T-20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ दिया। एलन ने इस मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2016 में 47 गेंदों में शतक लगाया था। (T20 World Cup Semifinals)

एलन T-20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के लिए शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बने। इससे पहले ब्रेंडन मैकुलम (2012) और ग्लेन फिलिप्स (2022) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। फिन एलन की यह पारी टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबलों की सबसे बड़ी पारी भी बन गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड तिलकरत्ने दिलशान के नाम था, जिन्होंने 2009 के सेमीफाइनल में नाबाद 96 रन बनाए थे। एलन ने महज 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर न्यूजीलैंड के लिए T-20 वर्ल्ड कप की सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड भी बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ग्लेन फिलिप्स के नाम था, जिन्होंने इसी वर्ल्ड कप में कनाडा के खिलाफ 22 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी।

न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड रनचेज

न्यूजीलैंड ने 150 से ज्यादा रन का लक्ष्य 43 गेंद बाकी रहते हासिल किया, जो T-20 वर्ल्ड कप इतिहास में गेंदें बाकी रहने के लिहाज से सबसे तेज सफल रनचेज है। इससे पहले यह रिकॉर्ड स्कॉटलैंड के नाम था, जिसने 2024 में ओमान के खिलाफ 41 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल किया था। मैच शुरू होने से पहले भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली T-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी लेकर मैदान में पहुंचे। दर्शकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। न्यूजीलैंड की पारी के दूसरे ओवर में टिम सइफर्ट 11 रन पर जीवनदान मिला। कगिसो रबाडा की शॉर्ट पिच गेंद पर सइफर्ट पुल शॉट खेलते हुए चूक गए और गेंद हवा में चली गई। विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक पीछे की ओर दौड़े, लेकिन कैच पकड़ने में असफल रहे।

वहीं पास खड़े डेवाल्ड ब्रेविस ने भी कैच के लिए प्रयास नहीं किया। हालांकि 10वें ओवर की पहली गेंद पर रबाडा ने सइफर्ट को बोल्ड कर शतकीय ओपनिंग साझेदारी तोड़ी। इसके बाद 13वें ओवर में फिन एलन ने मार्को यान्सन की लगातार पांच गेंदों पर चौके-छक्कों की बारिश कर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने स्कूप, फ्लिक, पुल और लॉन्ग-ऑन पर छक्कों के जरिए मैच को एकतरफा बना दिया और न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड की इस ऐतिहासिक जीत ने उसे दूसरी बार T-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा दिया है। (T20 World Cup Semifinals)

Back to top button
error: Content is protected !!