इन पांच हीरो ने दिलाया भारत को फाइनल का टिकट, बुमराह-सैमसन समेत पांच खिलाड़ियों ने दिखाया दम

Team India Victory Heroes: T-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। इस रोमांचक जीत में संजू सैमसन की लगातार दूसरी मैच जिताऊ पारी और जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या की शानदार गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा ईशान किशन और वरुण चक्रवर्ती भी पूरे टूर्नामेंट में भारत के लिए बड़े मैच विनर साबित हुए।
यह भी पढ़ें:- वानखेड़े में रिकॉर्ड्स की बारिश, 499 रन, 34 छक्कों का बना नया रिकॉर्ड, शानदार फील्डिंग से बदला मैच
इन खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने टीम इंडिया की फाइनल तक की राह आसान बनाई। सैमसन ने इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में 97 रन की शानदार पारी खेली थी, जबकि ईशान किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ 77 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी। वहीं वरुण चक्रवर्ती टूर्नामेंट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनकर उभरे हैं। (Team India Victory Heroes)
जसप्रीत बुमराह की दबाव में सटीक गेंदबाजी
सेमीफाइनल में इंग्लैंड 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 15 ओवर में 5 विकेट पर 185 रन बना चुका था। उस समय मैच इंग्लैंड के पक्ष में जाता नजर आ रहा था। क्रीज पर सैम करन और जैकब बेथेल मौजूद थे। ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गेंद जसप्रीत बुमराह को सौंपी। बुमराह ने बेहद सटीक गेंदबाजी करते हुए अपने ओवर में सिर्फ 8 रन दिए और इंग्लैंड पर दबाव बना दिया। मैच के अहम मोड़ पर उन्होंने अगला ओवर भी कसा हुआ डाला और सिर्फ 6 रन खर्च किए। इससे इंग्लैंड को आखिरी 18 गेंदों में 45 रन बनाने की जरूरत रह गई। इसी दबाव का फायदा हार्दिक पंड्या ने उठाया और सैम करन को आउट कर भारत की जीत लगभग तय कर दी। टूर्नामेंट में बुमराह अब तक 7 मैचों में 10 विकेट ले चुके हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने एक ही ओवर में सईम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को आउट कर मैच भारत के पक्ष में कर दिया था।
संजू सैमसन की लगातार दो मैच जिताऊ पारी
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भारत ने जल्दी ही अभिषेक शर्मा का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 89 रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में भी उन्होंने नाबाद 97 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी। लगातार दो अहम मैचों में शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
हार्दिक पंड्या का सेमीफाइनल में ऑलराउंड प्रदर्शन
हार्दिक पंड्या ने सेमीफाइनल में बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाया। उन्होंने 12 गेंदों पर 27 रन की तेज पारी खेलकर टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचाया। गेंदबाजी में उन्होंने पहली ही गेंद पर फिल सॉल्ट को आउट कर इंग्लैंड को शुरुआती झटका दिया। इसके बाद 19वें ओवर में सिर्फ 9 रन देकर विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। टूर्नामेंट में हार्दिक अब तक 8 मैचों में 199 रन बना चुके हैं और 8 विकेट भी अपने नाम कर चुके हैं।
ईशान किशन का पाकिस्तान के खिलाफ शानदार फिफ्टी
ईशान किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 77 रन बनाए थे। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इसके अलावा उन्होंने नामीबिया के खिलाफ भी 61 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। मौजूदा वर्ल्ड कप में ईशान किशन भारत के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने 8 मैचों में 189.20 के स्ट्राइक रेट से 263 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं।
वरुण चक्रवर्ती टूर्नामेंट के टॉप विकेट टेकर
स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती इस वर्ल्ड कप में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 8 मैचों में 13 विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने नामीबिया और नीदरलैंड के खिलाफ तीन-तीन विकेट झटके, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ भी दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। हालांकि टूर्नामेंट के शुरुआती चार मैचों में शानदार प्रदर्शन के बाद पिछले चार मैचों में उनका प्रभाव थोड़ा कम रहा है, लेकिन फिर भी वे भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं। (Team India Victory Heroes)



