छत्तीसगढ़ में अनोखा नियम: चुगली करने पर लगेगा जुर्माना, पढ़े पूरी खबर
Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के बालोद जिला स्थित मेढ़की गांव ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए एक अनोखा और सख्त फैसला लिया है। ग्रामसभा की सर्वसम्मति से तय किया गया है कि गांव में किसी के खिलाफ चुगली करने पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इस निर्णय की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में कुछ सप्ताह पहले चुगली की वजह से दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी। चौक-चौराहों पर बैठकर की गई टिप्पणियों और आपसी आरोप-प्रत्यारोप से गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। स्थिति को बिगड़ता देख ग्रामीणों ने सामूहिक बैठक बुलाकर समाधान पर विचार किया।
बैठक में यह बात सामने आई कि कई विवादों की जड़ आपसी चुगली और भड़काऊ टिप्पणियां हैं। इसके बाद ग्रामसभा ने निर्णय लिया कि सार्वजनिक या निजी तौर पर किसी की छवि खराब करने, भ्रामक बातें फैलाने या भावनाएं आहत करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाई जाएगी। नियम का उल्लंघन करने पर 5,000 रुपये का दंड निर्धारित किया गया है।
ग्राम समिति के प्रतिनिधियों—सरपंच मंजूलता परस साहू, ग्राम पटेल होरी लाल गजपाल, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, समाजसेवी धनराज साहू और चंद्रेश हिरवानी—ने बताया कि गांव में भाईचारा और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। उनका कहना है कि नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर समीक्षा भी की जाएगी।
मेढ़की गांव में पहले से ही शराब को लेकर सख्त नियम लागू हैं। शराब बेचने या सार्वजनिक स्थान पर सेवन करने पर 10,000 रुपये का जुर्माना तय है। हालिया बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शराब पीकर शामिल होने वालों पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वसूली गई राशि गांव के विकास और जनहित के कार्यों में खर्च की जाती है। (Chhattisgarh News)
इस संबंध में अपर कलेक्टर अजय किशोर ने कहा कि ग्रामीणों ने गांव की बेहतरी और शांति के उद्देश्य से यह निर्णय लिया होगा। यह ग्रामसभा का आंतरिक निर्णय है, जिस पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की जा सकती।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस पहल से आपसी विवाद कम होंगे और मेढ़की गांव में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रहेगा। (Chhattisgarh News)



