इस बार नए नियमों के साथ खेला जाएगा वर्ल्ड कप

T-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 16 अक्टूबर से है। ये आठवां T-20 वर्ल्ड कप है। 2007 से अब तक ये सिर्फ दूसरा मौका है जब लगातार दो साल में दो बार इस टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। पिछले साल अक्टूबर-नवंबर में UAE में सातवां वर्ल्ड कप खेला गया था।

ये टूर्नामेंट 2020 में होना था, लेकिन कोरोना के कारण इसे एक साल टालना पड़ा था। इससे पहले 2009 और 2010 में लगातार दो साल दो बार T-20 वर्ल्ड कप का आयोजन हुआ था।

टीम इंडिया अपना पहला मैच दिवाली के एक दिन पहले 23 अक्टूबर को खेलने वाली है। टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान के साथ खुलेगा, जिसे लेकर क्रिकेट फैंस काफी उत्साहित है।

इस बार T-20 वर्ल्ड कप का होस्ट ऑस्ट्रेलिया है। टूर्नामेंट के सभी मैच ऑस्ट्रेलिया के सात अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे। भारत समेत सभी टीमें ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुकी हैं। टूर्नामेंट का फाइनल 13 नवंबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा।

आठवें वर्ल्ड कप में भी 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। क्वालिफाइंग मुकाबले 16 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक खेले जाएंगे। क्वालिफाइंग राउंड के लिए 8 टीमों को 4-4 के दो ग्रुप में बांटा गया है। इन्हें ग्रुप A और ग्रुप B नाम दिया गया है। दोनों ही ग्रुप से टॉप-2 टीमें सुपर-12 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी।

क्वालिफाइंग राउंड में नीदरलैंड्स, श्रीलंका, UAE, नामीबिया, आयरलैंड, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड और जिम्बाब्वे शामिल हैं।

सुपर-12 की टीमों को भी 2 ग्रुप में बांटा गया है, जिन्हें ग्रुप 1 और ग्रुप 2 नाम दिया गया है। सुपर-12 टीमों के बीच 30 मैच खेले जाएंगे, जिसके बाद इनमें से 4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पूरे टूर्नामेंट में कुल 45 मैच खेले जाएंगे।

ग्रुप स्टेज में हर मैच में जीत हासिल करने वाली टीम को 2 पॉइंट दिए जाएंगे। मैच टाई होने की स्थिति में सुपर ओवर से फैसला होगा। वहीं किसी कारण सुपर ओवर मुमकिन नहीं हो पाया या मैच रद्द हो गया तो दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट मिलेगा।

मैच हारने वाली टीम को कोई पॉइंट नहीं मिलेगा। ग्रुप स्टेज में अगर दो टीमों के पॉइंट्स समान रहे तो उनके बीच जीत की संख्या और नेट रन रेट के आधार पर फैसला होगा कि आगे कौन सी टीम बढ़ेगी।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने 20 सितंबर 2022 को इंटरनेशनल क्रिकेट के कई नियमों में बदलाव किए हैं।

1 अक्टूबर से ये सभी बदलाव इंटरनेशनल क्रिकेट में लागू कर दिए गए हैं, जिसकी वजह से T-20 वर्ल्ड कप भी इन बदले हुए नियमों के साथ खेला जाएगा।

नए नियम के मुताबिक खेल के दौरान बल्लेबाज के बैट के कुछ हिस्से को या बल्लेबाज को पिच के अंदर होना ही होता है। अगर बल्लेबाज पिच से बाहर आ कर बॉल खेलने की कोशिश करता है तो अंपायर उसे डेड बॉल घोषित कर सकता है।

अगर कोई गेंद बल्लेबाज को पिच से बाहर आ कर खेलने के लिए मजबूर करती है तो उसे नो बॉल माना जाएगा। अगर गेंदबाज रनरअप के दौरान जानबूझकर या गलती से कोई अनफेयर मूवमेंट करता है तो अंपायर पेनल्टी के तौर पर बैटिंग कर रही टीम को 5 पॉइंट दे सकता है। इसके साथ ही उस बॉल को डेड बॉल भी घोषित किया जा सकता है।

अगर नॉन-स्ट्राइक एंड पर खड़ा बल्लेबाज क्रीज से बाहर है और गेंदबाज ने तब तक बॉल की डिलीवरी नहीं की है और ऐसे में गेंदबाज नॉन-स्ट्राइकर एंड के स्टंप पर बॉल थ्रो कर दे तो बल्लेबाज आउट माना जाएगा। इसे मांकडिंग कहा जाता था, लेकिन बदले नियमों के हिसाब से इसे रनआउट की श्रेणी में रखा गया है।

जब कोई बल्लेबाज कैच आउट होता है तो उसकी जगह पर आने वाला नया बल्लेबाज ही स्ट्राइक लेगा। भले ही कैच होने के दौरान दोनों बल्लेबाज रन लेने के लिए क्रॉस कर रहे हों, लेकिन नए बैटर को स्ट्राइक एंड पर आना जरूरी होगा। इसके पहले तक नया बल्लेबाज नॉन-स्ट्राइक एंड पर आता था।

पिछले 2 साल से इंटरनेशनल क्रिकेट में बॉल पॉलिश करने के लिए लार के इस्तेमाल पर स्थायी रोक लगा दी गई है। पहले अस्थायी रोक थी। ऐसा कोविड प्रोटोकॉल्स की वजह से किया गया था, लेकिन अब कोई भी खिलाड़ी बॉल पॉलिश करने के लिए लार का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा।

अगर गेंदबाज देखता है कि स्ट्राइक एंड पर खड़ा बल्लेबाज उनके डिलीवरी स्ट्राइड में आने से पहले ही क्रीज से ज्यादा बाहर है तो वो स्ट्राइकर को रन आउट करने के लिए बॉल थ्रो कर सकता था, लेकिन अब इस प्रैक्टिस को अमान्य घोषित कर दिया गया है। अगर कोई गेंदबाज ऐसा करता भी है तो इस गेंद को डेड बॉल माना जाएगा।