Balodabazar News : विहिप के द्वारा विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा का कोलिहा में भव्य स्वागत

बलौदाबाजार (Balodabazar News)। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक, साथ ही सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में निकाली जा रही विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा का ग्राम कोलिहा में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। आतिशबाजी, पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच पदयात्रियों का अभिनंदन किया गया।
विहिप-बजरंग दल के नेतृत्व में हुआ स्वागत
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, बजरंग दल जिला सहसंयोजक विजय साहू, विहिप प्रखंड अध्यक्ष दुलेश साहू तथा प्रखंड संयोजक विनय धीवर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा का जोरदार स्वागत किया। (Balodabazar News)

रायपुर से गिरौदपुरी धाम की ओर अग्रसर यात्रा
यह सद्भावना पदयात्रा रायपुर से प्रारंभ होकर ग्रामीण अंचलों से गुजरते हुए पवित्र गिरौदपुरी धाम की ओर बढ़ रही है। धर्मगुरु गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यह यात्रा किसी प्रचार या राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि समाज के कल्याण और आत्मिक जागरण के उद्देश्य से निकाली गई है। उन्होंने युवाओं से समाज निर्माण में आगे आने का आह्वान भी किया।
गुरु घासीदास बाबा के संदेश से जुड़ी यात्रा
पदयात्रा की मूल भावना गुरु घासीदास बाबा के अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” से प्रेरित है। समानता, भाईचारा और भेदभाव-मुक्त समाज की स्थापना का संदेश ही इस यात्रा की आत्मा है।
पलारी से चौथे दिन की शुरुआत
पदयात्रा के चतुर्थ दिवस की शुरुआत पलारी स्थित सतनाम भवन से पूजा-अर्चना के साथ हुई। “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। पलारी से यात्रा अमेरा, कंजी, डोटोपार और लाहौद होते हुए आगे बढ़ी।
रास्ते भर हुआ स्वागत, गूंजे जयघोष
सुपर मल्टी स्पेशलिटी डेंटल क्लिनिक के संचालक डॉ. धीरेंद्र वर्मा के निवास पहुंचने पर बड़ी संख्या में विहिप कार्यकर्ताओं ने “जय जय सतनाम” और “जय श्री राम” के नारों के साथ उत्साहपूर्ण स्वागत किया। गांव-गांव में पुष्पवर्षा, महिलाओं द्वारा आरती, ढोल-नगाड़ों और पंथी नृत्य के साथ यात्रा का अभिनंदन किया गया।
धार्मिक ही नहीं, सामाजिक एकता का उत्सव
यह पदयात्रा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रही, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का उत्सव बन गई है। जगह-जगह समाजजनों की भागीदारी से यात्रा का माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
मंत्री होते हुए भी धार्मिक दायित्व को दी प्राथमिकता
गौरतलब है कि गुरु खुशवंत साहेब एक ओर धर्मगुरु के रूप में समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं। इसके बावजूद उन्होंने इस पदयात्रा में धार्मिक दायित्व को प्राथमिकता देते हुए समाज को जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल पैदल चलने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि “हृदय से हृदय को जोड़ने का अभियान” है।
विहिप ने बताया समरसता का संदेश
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने कहा कि “मनखे-मनखे एक समान” की भावना से प्रेरित यह यात्रा संपूर्ण मानव जाति को एक सूत्र में पिरोने का संदेश देती है और गिरौदपुरी धाम तक पहुंचकर समरसता की मिसाल बनेगी।
रामनामी अंगवस्त्र पहनाकर किया सम्मान
कार्यकर्ताओं ने गुरु खुशवंत साहेब को रामनामी अंगवस्त्र पहनाकर तथा प्रभु श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।
सैकड़ों कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला सेवा प्रमुख लक्ष्मेंद्र अग्रवाल, जिला धर्म प्रसार प्रमुख विनय गुप्ता, जिला बलोपासना प्रमुख रवि यादव, नगर मंत्री आयुष बरनवाल, केशव मिश्रा, सुखालू बंदे, कमलेश वर्मा, नरेंद्र साहू, निलेश कुमार वर्मा, पीतांबर वर्मा, खुशी राम वर्मा, पुष्पराज वर्मा, अमित कुमार वर्मा, प्रीतम वर्मा, अतुल वर्मा, ओम सिंह नायक, नंदू वर्मा, मुन्ना वर्मा, बिंदेश्री वर्मा, मनोज पांडेय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संडी और घोटिया में भी हुआ भव्य स्वागत
पदयात्रा का ग्राम संडी में बजरंग दल जिला सहसंयोजक दीपक साहू तथा घोटिया में विहिप जिला उपाध्यक्ष बिसौहाराम वर्मा के नेतृत्व में भी भव्य स्वागत किया गया। (Balodabazar News)



