मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, कहा- समृद्धि और खुशहाली के रंगों से भरी होली

CM Sai on Holi: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की है कि यह उल्लास, उमंग और आत्मीयता का महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि यह आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को सशक्त बनाने का अवसर है। यह पर्व समाज में समरसता, सद्भाव और एकता की भावना को प्रगाढ़ करता है और हमें सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

यह भी पढ़ें:- भारत ने बहुत सारे देशों के साथ किए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट, हमारे लिए अवसरों का खुला बहुत बड़ा द्वार: PM मोदी 

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में होली का विशेष महत्व है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय, अहंकार पर विनम्रता की जीत और वैमनस्य पर प्रेम की प्रधानता का संदेश देता है। होली के रंग हमें स्मरण कराते हैं कि विविधताओं से परिपूर्ण हमारे समाज की वास्तविक शक्ति परस्पर विश्वास, अपनत्व और सामूहिक सहयोग में निहित है। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पर्व को हर्षोल्लास, संयम और पारंपरिक मर्यादाओं के साथ मनाएं। प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें। समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के साथ भी इस उत्सव की खुशियां साझा करें। (CM Sai on Holi)

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के रंगों से सजी यह होली छत्तीसगढ़ की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव को और अधिक सुदृढ़ करेगी। CM साय ने ट्वीट कर कहा कि रंगों की अनुपम छटा, उमंगों की मधुर तरंग और हर्षोल्लास से परिपूर्ण पावन पर्व होली की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। समृद्धि और खुशहाली के रंगों से भरी होली।

बता दें कि होली भारत का एक प्रमुख और रंगों से सराबोर त्योहार है, जिसे पूरे देश में हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया जाता है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत, आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है। फाल्गुन महीने की पूर्णिमा को मनाई जाने वाली होली में लोग रंग-गुलाल लगाकर, मिठाइयां बांटकर और गीत-संगीत के साथ खुशियां साझा करते हैं। यह त्योहार न केवल रंगों का, बल्कि रिश्तों में मिठास घोलने का भी अवसर होता है। (CM Sai on Holi)

Back to top button
error: Content is protected !!