Google Analytics —— Meta Pixel

देशभर में होली की धूम, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

Holi Festival 2026: देशभर में रंगों का त्योहार होली धूमधाम से मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि होली के शुभ अवसर पर मैं भारत और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं। होली आनंद और उत्सव का त्योहार है, जो सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार समाज में प्रेम और आशा फैलाता है और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करता है। होली विविधता में एकता का प्रतीक भी है। होली के रंग सबके जीवन में खुशियां लाएं और हम सब मिलकर एक विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।

यह भी पढ़ें:- भारत ने बहुत सारे देशों के साथ किए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट, हमारे लिए अवसरों का खुला बहुत बड़ा द्वार: PM मोदी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि सभी देशवासियों को होली की अनंत शुभकामनाएं। रंग और उमंग से भरा यह त्योहार सबके लिए खुशियों की बहार लेकर आए। हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता के रंगों की बौछार हो, यही कामना है। होली का त्योहार पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर देता है। यही इस उत्सव की बड़ी विशेषता है। हर तरफ जिस प्रकार खुशियों के रंग बिखरे नजर आते हैं, वो हर किसी को उल्लास और आनंद से सराबोर कर जाता है। 

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि रंगों, उमंगों और हर्षोल्‍लास के पावन पर्व होली पर आप समस्‍त देशवासियों को हार्दिक बधाई और असीम शुभकामनाएं। बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत के आगमन का यह उत्सव नवीनीकरण, आशा और हमारी सभ्यता की जीवंत भावना का प्रतीक है। खुशियों का यह त्यौहार आपके जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए और रंगों की तरह ही आपका जीवन भी सुंदर और खुशहाल बना रहे। आपसी सौहार्द और भाईचारे के इस उत्‍सव पर हमारे बीच की दूरियां मिटकर प्रेम और एकता का बंधन मजबूत हो और एक सशक्‍त और विकसित भारत का निर्माण हो, यही मंगलकामना है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि रंग, उमंग और आपसी सद्भाव के पर्व होली की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक भाईचारे की जीवंत अभिव्यक्ति है। होली हमें याद दिलाती है कि जीवन में चाहे कितनी भी कठिनाइयां क्यों न आएं, प्रेम, विश्वास और सकारात्मकता के रंग हर अंधकार को दूर कर सकते हैं। जब हम एक-दूसरे को रंग लगाते हैं तो हम भेदभाव की दीवारों को तोड़कर समानता और एकता का संदेश देते हैं। यही हमारे राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। हमारा देश विविधताओं से भरा हुआ है, लेकिन होली का उत्सव हमें एकता और बंधुता के सूत्र में बांधता है। (Holi Festival 2026)

Holi Festival 2026

लोकसभा स्पीकर ने कहा कि आइए, इस होली पर हम यह संकल्प लें कि हम अपने समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव के रंग भरेंगे, और उन लोगों तक भी उत्सव की उमंग पहुंचाएंगे, जो किसी कारणवश अकेले हैं या जरूरतमंद हैं। एक बार फिर सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका जीवन खुशियों के रंगों से सदा सराबोर रहे और हमारा राष्ट्र प्रेम, प्रगति और एकता के रंगों से निरंतर जगमगाता रहे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उल्लास, उमंग और नई ऊर्जा के पर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह पर्व सभी के जीवन में उन्नति, समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि होली के पावन पर्व पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व आप सभी के जीवन में सुख, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और नई उमंग के सुंदर रंग भर दे, यही ईश्वर से कामना है। रंगों का यह उत्सव हमारे देश और समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे के सूत्र को और अधिक मजबूत करे। आप सभी को सुरक्षित और मंगलमय होली की शुभकामनाएं।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि सभी देशवासियों को रंगों के पावन पर्व होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। रंगों का यह पर्व प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का प्रतीक है। यह हम सभी को जीवन में खुशियों, सकारात्मकता और एकता के रंग भरने की प्रेरणा देता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि यह पावन पर्व समस्त देशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए।

 

Back to top button
error: Content is protected !!