Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में अवैध शराब पर सख्ती, कई जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई, पढ़ें पूरी खबर

Action on illegal Liquor: होली पर्व को देखते हुए छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आबकारी विभाग और प्रशासन ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। अलग-अलग जिलों में की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध शराब और महुआ लाहन जब्त किया गया है और कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अंबिकापुर में आबकारी विभाग ने मुखबिर की सूचना पर केदारपुर क्षेत्र में छापा मारकर आरोपी सरप्रीत सिंह (30 साल) के कब्जे से मध्यप्रदेश और हरियाणा राज्य के लेबल लगी कुल 16.260 लीटर विदेशी शराब जब्त की। 

यह भी पढ़ें:- बालोद में 10वीं की छात्रा से गैंगरेप, डैम ले जाकर बनाया अश्लील वीडियो, ब्लैकमेल कर दिया वारदात को अंजाम

कोरिया जिले में अमरपुर ढोड़ीबहरा निवासी हरिचरण के पास से 39 पाव (7.02 लीटर) मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की बरामद की गई। बताया गया कि वह होली में 4,680 रुपए की शराब को 6,000 रुपए में बेचने की तैयारी में था। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया गया। विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब की सूचना टोल फ्री नंबर 14405 या व्हाट्सएप नंबर 9424102102 पर दें। (Action on illegal Liquor)

गरियाबंद में कच्ची महुआ शराब जब्त

गरियाबंद जिले में राजिम सर्कल के जंगल क्षेत्र में आबकारी टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 160 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब और 900 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया। मौके पर लाहन को नष्ट कर दिया गया। मुंगेली में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम शिकारी डेरा से 1500 किलोग्राम महुआ लाहन और 40 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। इसके अलावा खपरीखुर्द में एक आरोपी के पास से 7 लीटर महुआ शराब बरामद कर उसे जेल भेजा गया। आबकारी विभाग ने कहा कि त्योहार के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा। (Action on illegal Liquor)

होली शांतिपूर्ण मनाने की अपील

राजनांदगांव जिले के ग्वालिनडीह नाला किनारे से 20 लीटर हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब और 120 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जिले में होटल, ढाबों और शराब दुकानों की लगातार जांच की जा रही है। कोंडागांव में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने बैठक लेकर होली पर्व को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। जिला प्रशासन ने कहा कि जबरदस्ती रंग न लगाया जाए, शराब पीकर वाहन न चलाएं, महिलाओं और बच्चों से अभद्रता न हो। तेज आवाज में डीजे से शांति भंग न की जाए। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट न डाली जाए। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

होलिका दहन से नशामुक्ति का संदेश

मोहला-मानपुर में नशामुक्ति केंद्र की ओर से ‘नशे की होलिका दहन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गुटखा, सिगरेट, तंबाकू और शराब जैसी नशे की सामग्रियों का प्रतीकात्मक दहन कर युवाओं को व्यसन त्याग की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाना था। होली पर्व के मद्देनजर पूरे प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!