बालोद में 10वीं की छात्रा से गैंगरेप, डैम ले जाकर बनाया अश्लील वीडियो, ब्लैकमेल कर दिया वारदात को अंजाम

Gang Rape in Balod: बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। नाबालिग छात्रा को उसका ही क्लासमेट घुमाने के बहाने रजही डैम ले गया, जहां पहले उसने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। इसी दौरान वहां पहुंचे दो युवकों ने दोनों का अश्लील वीडियो बना लिया और फिर ब्लैकमेल कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में नाबालिग प्रेमी समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है, जबकि दो आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें:- 5 मार्च को नामांकन भरेंगी लक्ष्मी वर्मा, भाजपा नेताओं ने दी बधाई, कहा- राज्यसभा में प्रदेश की आवाज होंगी मजबूत
जानिए क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक 1 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे छात्रा ट्यूशन जाने के लिए घर से निकली थी। उसी दौरान उसका क्लासमेट उसे बहला-फुसलाकर रजही डैम ले गया। दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध था। सुनसान जगह पर प्रेमी ने शादी का झांसा देकर छात्रा से संबंध बनाए। इसी दौरान रजही के रहने वाले वासुदेव विश्वकर्मा (21) और लोमन गोंड (28) वहां पहुंच गए। दोनों ने चुपके से मोबाइल में अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। दल्लीराजहरा पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने वीडियो दिखाकर छात्रा को ब्लैकमेल करना शुरू किया। दोपहर करीब 3 बजे से रात 8:30 बजे तक छात्रा को डैम में ही बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान आरोपियों ने छेड़छाड़ की, मारपीट की और वीडियो वायरल करने की धमकी देते रहे।
घर नहीं लौटी तो परिजन परेशान
डर और दबाव में एक आरोपी ने छात्रा से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद उसे रात में घर जाने दिया गया। नाबालिग प्रेमी डर के कारण विरोध नहीं कर सका। शाम तक छात्रा के घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने ट्यूशन सेंटर और सहेलियों के घरों में तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। देर शाम गार्डन के पास उसकी स्कूटी संदिग्ध हालत में खड़ी मिली। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसी बीच रात करीब 9:30 बजे छात्रा घर लौटी और मां को पूरी घटना बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उसी रात FIR दर्ज की और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। (Gang Rape in Balod)
शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म: ASP
ASP मोनिका ठाकुर ने बताया कि गांव के नाबालिग लड़के ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। वहीं अन्य दो आरोपियों ने अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया, जिनमें से एक ने दुष्कर्म किया। CSP विकास पाटले और टीआई संतोष भुआर्य के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। बालोद के दल्लीराजहरा में हुई इस वारदात ने एक बार फिर नाबालिगों की सुरक्षा और ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन यह घटना समाज के लिए भी एक चेतावनी है कि बच्चों की गतिविधियों और साइबर दुरुपयोग जैसे खतरों के प्रति सतर्क रहना बेहद जरूरी है। (Gang Rape in Balod)




