Google Analytics —— Meta Pixel

आज दुनिया की अर्थव्यवस्था में चल रहा बदलाव, बाजार अब सिर्फ लागत नहीं देखता, वे स्थिरता भी देखते हैं: PM मोदी

PM Modi on Post Budget: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोस्ट बजट वेबिनार के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए देश की आर्थिक वृद्धि को निरंतर मजबूत बनाए रखने पर बल दिया। इस सत्र का मुख्य विषय ‘आर्थिक विकास बरकरार रखना और मजबूत करना’ था। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले हफ्ते आयोजित पहला वेबिनार बहुत सफल रहा और बजट प्रावधानों के क्रियान्वयन को लेकर उत्कृष्ट सुझाव प्राप्त हुए। उन्होंने हजारों प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए इसे लोकतांत्रिक विमर्श का सफल प्रयोग बताया।

यह भी पढ़ें:- बालोद में 10वीं की छात्रा से गैंगरेप, डैम ले जाकर बनाया अश्लील वीडियो, ब्लैकमेल कर दिया वारदात को अंजाम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के पुनर्गठन के बीच भारत की सुदृढ़ अर्थव्यवस्था विश्व के लिए आशा की किरण बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था की तीव्र प्रगति ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं को दोहराते हुए कहा कि ज्यादा निर्माण करो, ज्यादा उत्पादन करो, ज्यादा संपर्क स्थापित करो और ज्यादा निर्यात करो। प्रधानमंत्री ने कहा कि विनिर्माण, संचालन व्यवस्था, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) और शहरी केंद्र अलग-अलग नहीं बल्कि एक-दूसरे से जुड़े हुए स्तंभ हैं। 

उद्योग और राज्यों की साझेदारी जरूरी: PM मोदी

उन्होंने कहा कि मजबूत विनिर्माण निर्यात बढ़ाता है, प्रतिस्पर्धी एमएसएमई लचीलापन और नवाचार को प्रोत्साहित करते हैं, जबकि बेहतर लॉजिस्टिक्स लागत कम करती है। उन्होंने कहा कि इस साल के बजट में इन सभी क्षेत्रों को रिकॉर्ड पूंजीगत व्यय के माध्यम से मजबूती प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केवल नीतिगत दिशा-निर्देशों से परिणाम नहीं मिलते। उद्योग, वित्तीय संस्थान और राज्य सरकारें मिलकर काम करें तभी जमीन पर बदलाव संभव है। उन्होंने लागत संरचना को प्रतिस्पर्धी बनाने, निवेश प्रवाह बढ़ाने और विकास को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने पर चर्चा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

रेयर अर्थ कॉरिडोर और बायोफार्मा शक्ति मिशन: PM 

प्रधानमंत्री ने दुर्लभ खनिज तत्वों के लिए समर्पित ‘रेयर अर्थ कॉरिडोर’ और कंटेनर विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में फोकस का उल्लेख किया। साथ ही बजट में घोषित ‘बायोफार्मा शक्ति मिशन’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य भारत को जैविक औषधियों और नई पीढ़ी की उपचार प्रणालियों का वैश्विक केंद्र बनाना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों ने भारतीय उद्योग के लिए अवसरों के विशाल द्वार खोले हैं। उन्होंने गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि अंतरराष्ट्रीय उपभोक्ताओं की पसंद और आवश्यकताओं का अध्ययन कर उपयोगकर्ता-अनुकूल उत्पाद तैयार करने होंगे।

एमएसएमई के लिए बड़ा अवसर

उन्होंने कहा कि हाल के वर्गीकरण सुधारों से एमएसएमई को विस्तार का भय समाप्त हुआ है। ऋण सुविधा, तकनीकी उन्नयन और क्षमता निर्माण की दिशा में सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। अब समय है कि एमएसएमई वैश्विक प्रतिस्पर्धा में उतरें और गुणवत्ता मानकों को ऊंचा करें। प्रधानमंत्री ने हाई-स्पीड रेल, मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी, जलमार्ग, बंदरगाह और जहाज मरम्मत सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सब लागत घटाने और दक्षता बढ़ाने के लिए आवश्यक है। (PM Modi on Post Budget)

सतत विकास पर विशेष ध्यान

उन्होंने कहा कि भारत की भविष्य की प्रगति इस बात पर निर्भर करेगी कि हम अपने द्वितीय और तृतीय श्रेणी के शहरों की कितनी प्रभावी योजना और प्रबंधन करते हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘कार्बन कैप्चर, उपयोग और भंडारण मिशन’ को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि उद्योगों को स्वच्छ प्रौद्योगिकी को अपनी मुख्य व्यावसायिक रणनीति का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने अपने संबोधन का समापन ‘सामूहिक भागीदारी’ के आह्वान के साथ किया और कहा कि प्रत्येक सुझाव देश को विकसित भारत की दिशा में आगे ले जा सकता है। (PM Modi on Post Budget)

Back to top button
error: Content is protected !!