भारत-मिस्र आर्थिक साझेदारी को नई उड़ान, FTA की तैयारी में बनेगा संयुक्त कार्य समूह, 2028 में दिल्ली में होगी अगली बैठक

India Egypt Trade Relations: भारत और मिस्र के बीच आर्थिक रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने, निवेश को प्रोत्साहित करने और औद्योगिक सहयोग का विस्तार करने पर सहमति जताई है। इसके लिए वरीयता व्यापार समझौते (PTA) या मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की संभावनाओं पर विचार करने के लिए संयुक्त कार्य समूह गठित किया जाएगा। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मिस्र यात्रा के दौरान हुई उच्चस्तरीय बैठकों में यह निर्णय लिया गया। दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 12 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। मिस्र की नई प्रशासनिक राजधानी में भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति के 7वें सत्र का आयोजन किया गया। इसकी सह-अध्यक्षता भारत के केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और मिस्र के विदेश मंत्री डॉ. मोहम्मद फरीद सालेह ने की। पहली बार इस महत्वपूर्ण संस्थागत बैठक का आयोजन मंत्री स्तर पर किया गया। बैठक में दोनों देशों ने व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने, बाजार तक पहुंच आसान बनाने और निवेश के नए अवसर विकसित करने पर चर्चा की।
यह भी पढ़ें:- अटल रॉक गार्डन में युवती से गैंगरेप! बॉयफ्रेंड के साथ घूमने गई थी, दो आरोपी हिरासत में
बैठक के प्रमुख निर्णयों में वरीयता व्यापार समझौते या मुक्त व्यापार समझौते की शर्तों पर विचार करने के लिए संयुक्त कार्य समूह का गठन शामिल है। यह समूह दोनों देशों के बीच व्यापारिक बाधाओं को कम करने, बाजार पहुंच बढ़ाने और निवेश संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर काम करेगा। भारत और मिस्र के बीच द्विपक्षीय व्यापार में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। वित्त वर्ष 2025-26 में दोनों देशों का व्यापार 35 प्रतिशत बढ़कर 6.5 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। वहीं, अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान व्यापार में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 65 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 5.04 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। अप्रैल-सितंबर 2025 में यह आंकड़ा 3.08 अरब अमेरिकी डॉलर था। दोनों देशों ने इस बढ़ते व्यापार को और गति देने के लिए 12 अरब अमेरिकी डॉलर का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत औद्योगिक वस्तुओं, ऊर्जा, उर्वरक, रसायन, फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग, कपड़ा और कृषि उत्पादों के व्यापार को विस्तार देने पर जोर दिया जाएगा। (India Egypt Trade Relations)
फार्मा, इंजीनियरिंग और डिजिटल क्षेत्र में सहयोग की तैयारी
बैठक में दोनों देशों के बीच सहयोग के लिए कई प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की गई। इनमें फार्मास्यूटिकल्स और चिकित्सा उपकरण, इंजीनियरिंग, विद्युत उपकरण, उर्वरक, कपड़ा, नवीकरणीय ऊर्जा और उभरती प्रौद्योगिकियां शामिल हैं। भारत की सस्ती दवाओं, टीकों और चिकित्सा तकनीक की क्षमताओं का लाभ मिस्र को मिल सकता है। वहीं, इंजीनियरिंग, ऑटोमोबाइल और औद्योगिक विनिर्माण के क्षेत्र में भी संयुक्त परियोजनाओं की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा, उर्वरक, सिंचाई और कोल्ड चेन इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। डिजिटल और फिनटेक क्षेत्र में यूपीआई लिंकेज, स्थानीय मुद्रा में व्यापार और भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। इसके अलावा, दोनों देशों के संग्रहालयों के बीच संरक्षण, क्यूरेशन और डिजिटलीकरण के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं भी सामने आईं। इसमें मिस्र के ग्रैंड इजिप्शियन म्यूजियम और भारत के प्रस्तावित युगे युगीन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय के बीच साझेदारी शामिल है।
कंपनियों ने भारत-मिस्र बिजनेस फोरम में लिया हिस्सा
भारत और मिस्र के बीच कारोबारी साझेदारी को मजबूत करने के लिए आयोजित भारत-मिस्र बिजनेस फोरम में दोनों देशों की 300 से ज्यादा कंपनियों ने भाग लिया। 15 और 16 नवंबर 2026 को आयोजित इस मंच पर व्यापार, निवेश, विनिर्माण और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। पीयूष गोयल और मिस्र के निवेश एवं विदेश व्यापार मंत्री डॉ. मोहम्मद फरीद सालेह ने फोरम को संबोधित किया। इसमें भारतीय उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ मिस्र के वरिष्ठ कारोबारी और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े अधिकारी शामिल हुए। फोरम का उद्देश्य दोनों देशों की कंपनियों को एक मंच पर लाकर व्यावसायिक साझेदारी और निवेश के नए रास्ते तैयार करना था। भारत और मिस्र वर्ष 2027 में अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना के 80 साल पूरे करेंगे। इस अवसर को ध्यान में रखते हुए पीयूष गोयल ने भारत-मिस्र आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए चार सूत्रीय कार्ययोजना प्रस्तावित की। इसमें तय समय-सीमा के भीतर व्यापारिक बाधाओं को दूर करना, इन्वेस्ट इंडिया के माध्यम से भारतीय राज्यों और औद्योगिक क्लस्टरों में मिस्र के निवेश को बढ़ावा देना, बड़े उद्योगों के आपूर्तिकर्ताओं को साझेदारी में शामिल करना और प्रगति की समीक्षा के लिए वार्षिक व्यवस्था विकसित करना शामिल है। इसका उद्देश्य व्यापारिक चर्चाओं को ठोस निवेश और व्यावसायिक अनुबंधों में बदलना है।

भारतीय कंपनियों को मिलेगा फायदा
मिस्र की भौगोलिक स्थिति भारत के लिए आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। स्वेज नहर के करीब होने के कारण मिस्र अफ्रीका, अरब और यूरोप के बाजारों तक पहुंच उपलब्ध कराता है। यहां के बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर भारतीय कंपनियों के लिए निर्यात आधारित विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने के अवसर प्रदान करते हैं। बैठक में मिस्र के औद्योगिक क्षेत्रों में भारतीय निवेश और भारत के विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्रों में मिस्र के निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने इन्वेस्ट इंडिया और मिस्र के निवेश एवं मुक्त क्षेत्र के लिए सामान्य प्राधिकरण (GAFI) के बीच सहयोग को मजबूत करने में रुचि दिखाई। इसके तहत निवेश संबंधी जानकारी साझा करने और व्यावसायिक संपर्क बढ़ाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने का प्रस्ताव भी शामिल है। मिस्र में भारतीय कंपनियों की मौजूदगी दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूती दे रही है। जानकारी के मुताबिक मिस्र में करीब 70 भारतीय कंपनियां काम कर रही हैं और भारतीय निवेश 5.5 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो चुका है। ये कंपनियां औद्योगिक उत्पादन, रोजगार सृजन, तकनीकी विकास और निर्यात में योगदान दे रही हैं।

डिजिटल अर्थव्यवस्था और स्टार्टअप सहयोग पर भी जोर
भारत-मिस्र बिजनेस फोरम में टीसीआई सनमार, गैलेक्सी केमिकल और एबडोस जैसी कंपनियों के अनुभवों पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों के उद्योग प्रतिनिधियों ने रसायन, उर्वरक, फार्मास्यूटिकल्स, कपड़ा, खाद्य प्रसंस्करण, ऑटोमोबाइल कलपुर्जे, नवीकरणीय ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तलाशीं। बिजनेस फोरम में डिजिटल अर्थव्यवस्था को लेकर विशेष पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें मिस्र और भारत की तकनीकी कंपनियों, स्टार्टअप और डिजिटल क्षेत्र के विशेषज्ञों ने भाग लिया। चर्चा का मुख्य विषय उद्यम तकनीक, डिजिटल समाधान, नवाचार और औद्योगिक साझेदारियों के अवसर रहे। भारत की तकनीकी कंपनियों और मिस्र के डिजिटल इकोसिस्टम के बीच सहयोग को भविष्य की आर्थिक साझेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया। इससे दोनों देशों के बीच तकनीकी आदान-प्रदान और नए व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। (India Egypt Trade Relations)

संयुक्त व्यापार परिषद की बैठक में भी कई मुद्दों पर चर्चा
संयुक्त व्यापार समिति की बैठक के साथ भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार परिषद (JBC) की छठी बैठक भी आयोजित की गई। इसमें रसायन और पेट्रोकेमिकल्स, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवा, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि व्यवसाय, नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, बंदरगाह, लॉजिस्टिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी और कपड़ा उद्योग जैसे क्षेत्रों पर चर्चा हुई। व्यापारिक संगठनों के बीच संस्थागत संबंध मजबूत करने, क्षेत्रीय कार्य समूह बनाने, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं को आसान करने, व्यावसायिक वीजा संबंधी समस्याओं के समाधान और वर्ष 2026-27 के लिए पारस्परिक व्यापार मिशनों का कैलेंडर तैयार करने जैसे मुद्दे भी एजेंडे में शामिल रहे। अपने दौरे के दौरान 14 नवंबर को काहिरा पहुंचे पीयूष गोयल ने हेलियोपोलिस वॉर सिमेट्री में भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस स्मारक में कुल 4,000 सैनिकों की स्मृति दर्ज है, जिनमें 3,727 भारतीय सैनिक थे। इनमें लगभग 2,000 सैनिकों ने प्रथम विश्व युद्ध और करीब 1,700 सैनिकों ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी थी।

2028 में नई दिल्ली में होगी अगली बैठक
उन्होंने मिस्र में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को भी संबोधित किया और प्रवासी भारतीयों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत और मिस्र के बीच लगभग 6.5 अरब डॉलर का व्यापार दोनों प्राचीन सभ्यताओं की साझेदारी की महज शुरुआत है। उन्होंने भारतीय समुदाय को दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु बताया। भारत और मिस्र ने संयुक्त व्यापार समिति की अगली बैठक साल 2028 में नई दिल्ली में आयोजित करने पर सहमति जताई है। हालांकि दोनों पक्षों की आपसी सहमति से इसे इससे पहले भी आयोजित किया जा सकता है। कुल मिलाकर पीयूष गोयल की मिस्र यात्रा और 7वीं संयुक्त व्यापार समिति की बैठक भारत-मिस्र रणनीतिक साझेदारी के आर्थिक आयाम को नई दिशा देने की कोशिश है। दोनों देश अब पारंपरिक व्यापार से आगे बढ़कर संयुक्त विनिर्माण, तकनीकी सहयोग, निवेश और क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखला के विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। (India Egypt Trade Relations)




