Google Analytics —— Meta Pixel

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल में भारत का दबदबा, लगातार दूसरी बार निर्विरोध चेयरमैन बने जय शाह, ICC प्रमुख बनने वाले पांचवें भारतीय

Jay Shah ICC Chairman: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC के बोर्ड ने जय शाह को लगातार दूसरी बार ICC चेयरमैन नियुक्त किया है। इंडोनेशिया के बाली में आयोजित ICC बोर्ड और समिति की बैठकों के दौरान निदेशकों ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध चुन लिया गया। इस नियुक्ति के साथ ही जय शाह ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रशासन में भारत की मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। वह ICC के प्रमुख का पद संभालने वाले पांचवें भारतीय हैं। उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। जय शाह ने साल 2024 में पहली बार ICC चेयरमैन का पद संभाला था। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह ली थी। उस समय 36 साल की उम्र में वह ICC के इतिहास के सबसे युवा चेयरमैन बने थे। अब लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुने जाने के बाद उन्होंने इस पद पर अपनी जिम्मेदारी को आगे बढ़ाया है। 

यह भी पढ़ें:- दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर रवाना हुए PM मोदी, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में लेंगे हिस्सा

ICC के चेयरमैन के रूप में उनका कार्यकाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के विस्तार, नए बाजारों तक पहुंच और खेल की वैश्विक लोकप्रियता बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दूसरी बार नियुक्ति मिलने के बाद जय शाह ने ICC बोर्ड के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि ICC चेयरमैन के रूप में काम करना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे। शाह ने कहा कि क्रिकेट के इतिहास में यह बेहद महत्वपूर्ण और रोमांचक दौर है। वर्ष 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने का असाधारण अवसर है। इससे नई पीढ़ी के खिलाड़ियों और प्रशंसकों को क्रिकेट से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि क्रिकेट का भविष्य मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए केवल बड़े टूर्नामेंट आयोजित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों, प्रशंसकों, कमर्शियल पार्टनर्स और खेल से जुड़े सभी पक्षों के हितों का ध्यान रखना जरूरी है। (Jay Shah ICC Chairman)

अब तक ICC प्रमुख रहे भारतीयों का कार्यकाल 

जय शाह से पहले चार भारतीय ICC के प्रमुख पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इनमें जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर शामिल हैं। इस तरह जय शाह ICC प्रमुख बनने वाले पांचवें भारतीय हैं। वहीं लगातार दो कार्यकाल तक इस पद पर रहने वाले वह दूसरे भारतीय हैं। इससे पहले शशांक मनोहर ने नवंबर 2015 में ICC की अंतरिम जिम्मेदारी संभाली थी। मई 2016 में वह आधिकारिक रूप से ICC चेयरमैन चुने गए और मई 2018 में दोबारा निर्विरोध निर्वाचित हुए। उनका दूसरा कार्यकाल 30 जून 2020 को समाप्त हुआ था। अब जय शाह भी लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुने जाने के साथ इस सूची में शामिल हो गए हैं। बता दें कि जगमोहन डालमिया ने 1997 से 2000 तक ICC अध्यक्ष के रूप में काम किया। इसके बाद शरद पवार ने 2010 से 2012 तक यह जिम्मेदारी संभाली। एन. श्रीनिवासन 2014 से 2015 तक ICC प्रमुख रहे, जबकि शशांक मनोहर ने 2015 से 2020 तक लगातार दो कार्यकाल पूरे किए। 

अहमदाबाद से शुरू हुआ क्रिकेट प्रशासन का सफर

जय शाह का क्रिकेट प्रशासन से जुड़ाव करीब 17 साल पुराना है। उन्होंने साल 2009 में अहमदाबाद के केंद्रीय क्रिकेट बोर्ड के कार्यकारी बोर्ड के सदस्य के रूप में अपने सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद सितंबर 2013 में वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव बने। साल 2015 में उन्हें BCCI की वित्त समिति का सदस्य बनाया गया। अक्टूबर 2019 में जय शाह पहली बार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI के सचिव बने। साल 2022 में उन्हें इस पद पर दोबारा जिम्मेदारी मिली। इस दौरान उन्होंने भारतीय क्रिकेट प्रशासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जनवरी 2021 में वह एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी ACC के अध्यक्ष बने और जनवरी 2024 में दोबारा इस पद के लिए चुने गए। इसके अलावा साल 2022 में उन्हें ICC की वित्त और वाणिज्यिक मामलों की समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया। वह क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल कराने से जुड़ी ICC की ओलंपिक वर्किंग ग्रुप का भी हिस्सा रहे। इसके बाद अगस्त 2024 में ICC चेयरमैन के रूप में उनका चयन हुआ और 1 दिसंबर 2024 से उन्होंने आधिकारिक रूप से यह जिम्मेदारी संभाली। (Jay Shah ICC Chairman)

क्रिकेट के वैश्विक विस्तार और LA28 ओलंपिक पर फोकस

जय शाह के दूसरे कार्यकाल के दौरान ICC के सामने क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर विस्तार देने की बड़ी चुनौती और अवसर दोनों होंगे। साल 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी इस दिशा में अहम साबित हो सकती है। ICC का लक्ष्य नए देशों में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने के साथ इसके प्रशंसकों की संख्या में इजाफा करना है। इसके अलावा महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना, एसोसिएट सदस्य देशों को ज्यादा अवसर देना, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मजबूती और खेल की निष्पक्षता बनाए रखना भी प्राथमिकताओं में शामिल है। ICC व्यावसायिक संभावनाओं को बढ़ाने और क्रिकेट के लिए दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता विकसित करने पर भी काम करेगा। ऐसे में जय शाह का दूसरा कार्यकाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के भविष्य की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जय शाह की दोबारा नियुक्ति को भारतीय क्रिकेट प्रशासन के बढ़ते प्रभाव के तौर पर देखा जा रहा है। अब सबकी नजरें उनके दूसरे कार्यकाल पर होंगी कि वे क्रिकेट को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए क्या नई पहल करते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!