Google Analytics —— Meta Pixel

महादेव सट्टा ऐप केस में सौरभ चंद्राकर के खुलासे से मचा हड़कंप, CBI ने 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर मारे छापे

Mahadev Betting App Case : महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी ने अवैध सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़े पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान कई जगहों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें बंद करा दिया गया। छापेमारी में मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

CBI की यह कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर की गई है। ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाए जाने के बाद सौरभ से पूछताछ में इस अवैध प्लेटफॉर्म के संचालन और देशभर में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। (Mahadev Betting App Case)

म्यूल अकाउंट और हवाला नेटवर्क का खुलासा

CBI की छापेमारी में मिले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों से म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसी के मुताबिक, सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़ी रकम के लेनदेन के लिए दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। कुछ खाते किराए पर भी लिए गए थे।

इन खातों के जरिए सट्टेबाजी की रकम जमा कराई जाती थी और बाद में हवाला नेटवर्क के माध्यम से कथित तौर पर मुनाफा विदेश भेजा जाता था। जांच एजेंसी अब जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों के आधार पर पूरे वित्तीय नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

ओमान से लाने के बाद 1 नवंबर को हुई थी गिरफ्तारी

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 1 नवंबर 2026 को CBI ने गिरफ्तार किया था। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे पूछताछ के लिए 8 दिनों की पुलिस कस्टडी में भेजा था।

पूछताछ के दौरान जांच अधिकारियों ने सौरभ से ऐप के संचालन, विदेश में मौजूद मुख्य कार्यालय और भारत में सक्रिय पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क को लेकर सवाल किए। जांच के दौरान पहले से जुटाए गए दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों के आधार पर भी उससे पूछताछ की गई।

19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया सौरभ

पुलिस कस्टडी की अवधि पूरी होने के बाद 12 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, जांच एजेंसी इस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

विदेश से संचालित होता था सट्टेबाजी का पूरा नेटवर्क

CBI के मुताबिक, छत्तीसगढ़ सरकार से मामला मिलने के बाद महादेव ऑनलाइन बुक के संबंध में दो FIR दर्ज की गई हैं। अब तक की जांच में सामने आया है कि इस प्लेटफॉर्म का संचालन विदेश में स्थित मुख्य कार्यालय के जरिए किया जा रहा था। भारत में पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क इसके लिए काम करता था।

ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालने, सट्टेबाजी का लेनदेन कराने और रकम को अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराने का काम करते थे। इसके बाद कथित तौर पर हवाला के जरिए कमाई विदेश भेजी जाती थी।

फरार आरोपियों और सरकारी अधिकारियों पर भी नजर

महादेव सट्टा ऐप मामले की जांच अब पैनल ऑपरेटरों से आगे बढ़कर पूरे नेटवर्क तक पहुंच गई है। CBI विदेश में मौजूद आरोपियों, कारोबार में मदद करने वाले लोगों और कथित रूप से शामिल सरकारी अधिकारियों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपियों को भारत वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।

33 ठिकानों पर हुई ताजा छापेमारी को महादेव सट्टा ऐप के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की दिशा में अहम कार्रवाई माना जा रहा है। जांच एजेंसी अब जब्त डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है। (Mahadev Betting App Case)

Back to top button
error: Content is protected !!