Google Analytics —— Meta Pixel

1975 में गैराज से शुरू हुई माइक्रोसॉफ्ट आज 265 लाख करोड़ की कंपनी, दुनिया के 43 करोड़ लोग करते हैं इस्तेमाल

Microsoft Company Success Story: माइक्रोसॉफ्ट की ऑनलाइन सेवाओं में आई तकनीकी खराबी ने एक बार फिर इस कंपनी पर दुनियाभर की निर्भरता को चर्चा में ला दिया है। ईमेल से लेकर ऑनलाइन मीटिंग, क्लाउड स्टोरेज और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं दुनिया के करोड़ों लोगों और लाखों कंपनियों के रोजमर्रा के कामकाज का हिस्सा हैं। यही वजह है कि कंपनी के सिस्टम में आई एक गड़बड़ी का असर कई देशों में एक साथ देखने को मिला। कभी एक छोटे से गैराज से शुरू हुई यह कंपनी आज दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल है। माइक्रोसॉफ्ट की स्थापना 4 अप्रैल 1975 को बिल गेट्स और पॉल एलन ने की थी। कंपनी की शुरुआत छोटे स्तर पर हुई थी। शुरुआती दौर में इसका नाम माइक्रो-सॉफ्ट रखा गया था, जो माइक्रोकंप्यूटर और सॉफ्टवेयर शब्दों को मिलाकर बनाया गया था। 

यह भी पढ़ें:- माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से दुनियाभर में सरकारी सिस्टम और बैंकिंग प्रभावित, भारत में 3 फ्लाइट्स रद्द

आज कंपनी का मुख्यालय अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य के रेडमंड में स्थित है। यहीं से कंपनी अपने वैश्विक कारोबार और तकनीकी सेवाओं का संचालन करती है। माइक्रोसॉफ्ट की सबसे बड़ी पहचान उसके विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम से है। दुनिया के करीब 70 प्रतिशत कंप्यूटरों में विंडोज का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं, कंपनी की ईमेल सेवा आउटलुक के 40 करोड़ से ज्यादा यूजर्स बताए जाते हैं। यह दुनिया के सबसे बड़े ईमेल प्लेटफॉर्म्स में शामिल है। हालांकि, ईमेल प्लेटफॉर्म के मामले में जीमेल पहले स्थान पर है। माइक्रोसॉफ्ट टीम्स ऑनलाइन मीटिंग और ऑफिस कम्युनिकेशन का बड़ा माध्यम बन चुका है। इसमें हर महीने 32 करोड़ से ज्यादा लोग काम करते हैं। कोरोना महामारी के बाद से ऑनलाइन मीटिंग और वर्क फ्रॉम होम के बढ़ते चलन ने टीम्स की उपयोगिता को और बढ़ाया है। इसके अलावा शेयरपॉइंट, एक्सचेंज ऑनलाइन और माइक्रोसॉफ्ट 365 जैसी सेवाएं भी दुनिया की कंपनियों के कामकाज का अहम हिस्सा हैं।

ओपनएआई में निवेश के बाद AI के क्षेत्र में बढ़ाया दबदबा

माइक्रोसॉफ्ट ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी बड़ी मौजूदगी बनाई है। कंपनी ने साल 2023 में चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई में 10 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश किया था। इसके बाद माइक्रोसॉफ्ट ने अपने कई उत्पादों में एआई आधारित सुविधाओं का विस्तार किया और कोपायलट को पेश किया। आज कोपायलट कंपनी के प्रमुख एआई टूल्स में शामिल है। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया की 90 प्रतिशत से ज्यादा फॉर्च्यून 500 कंपनियां इसके एआई चैटबॉट का इस्तेमाल करती हैं। क्लाउड कंप्यूटिंग के क्षेत्र में भी माइक्रोसॉफ्ट की मजबूत मौजूदगी है। कंपनी का क्लाउड प्लेटफॉर्म अज्योर दुनिया की प्रमुख क्लाउड सेवाओं में शामिल है और अमेजन वेब सर्विसेज के बाद दूसरे स्थान पर बताया जाता है। इसके अलावा कंपनी का एक्सबॉक्स गेमिंग बाजार में सोनी के प्लेस्टेशन को टक्कर देता है। (Microsoft Company Success Story)

3 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा है कंपनी की बाजार कीमत

साल 2001 में एक्सबॉक्स की शुरुआत हुई थी और इसके बाद से कंपनी ने गेमिंग कारोबार में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। आर्थिक रूप से भी माइक्रोसॉफ्ट दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल है। इसकी बाजार कीमत 3 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा बताई गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 265 लाख करोड़ रुपये के बराबर है। कंपनी का इतना बड़ा कारोबार और वैश्विक पहुंच उसे दुनिया की डिजिटल अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा बनाती है। माइक्रोसॉफ्ट की मौजूदा तकनीकी खराबी ने यह भी दिखाया है कि जब करोड़ों लोग और लाखों संस्थान एक ही तकनीकी इकोसिस्टम पर निर्भर हों, तो उसमें आने वाली गड़बड़ी का असर किसी एक कंपनी तक सीमित नहीं रहता। ईमेल, बैंकिंग, सरकारी कामकाज, विमानन और स्वास्थ्य सेवाओं तक इसका प्रभाव पहुंच सकता है। ऐसे में डिजिटल सेवाओं के साथ वैकल्पिक व्यवस्थाएं और तकनीकी सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी हो जाती हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!