Google Analytics —— Meta Pixel

मिडिल ईस्ट की सियासत में भूचाल, क्या टूट गई ट्रंप और नेतन्याहू की पक्की दोस्ती ? व्हाइट हाउस के पास खूनी संघर्ष से भी हड़कंप

Trump Netanyahu Phone Call: अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के गलियारों में इन दिनों एक फोन कॉल को लेकर भारी सनसनी फैली हुई है। कभी मिडिल ईस्ट के मुद्दों पर एक-दूसरे की ढाल बनने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच अनबन की खबरें सामने आ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच हाल ही में हुई एक फोन पर तीखी बहस ने इन दोनों के रिश्तों के समीकरण को बदल कर रख दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दोनों की यह तकरार कोई आम मतभेद नहीं है, बल्कि इसके पीछे क्षेत्रीय रणनीतियों को लेकर गहरे वैचारिक फर्क हैं, जहां एक तरफ दोनों नेता अतीत में ईरान के खिलाफ आक्रामक तेवर अपनाए रखते थे, वहीं अब हालात बिल्कुल अलग नजर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर पर विशेष, आदिवासी अस्मिता और सांस्कृतिक के रक्षक, महान क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 8 नवंबर को हुई इस फोन वार्ता के दौरान दोनों नेताओं के सुर बिल्कुल मेल नहीं खा रहे थे। बेंजामिन नेतन्याहू इस बात पर जोर दे रहे थे कि ईरान पर दोबारा कड़े सैन्य हमले शुरू किए जाएं, क्योंकि उनका मानना था कि महज कूटनीतिक बातचीत से तेहरान को नहीं रोका जा सकता। इसके अलावा उन्होंने ईरान में अयातुल्ला शासन को सत्ता से हटाने की वकालत भी की। इसके उलट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दृष्टिकोण पूरी तरह भिन्न था। ट्रंप ईरान के साथ कूटनीतिक वार्ताओं को खुला रखने के पक्ष में हैं और उनका मानना है कि तेहरान पर केवल आर्थिक दबाव बनाकर ही उसे अपने घुटनों पर लाने के प्रयास किए जाने चाहिए। इस बात पर दोनों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। हालांकि इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने इन तकरार की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए बातचीत को पूरी तरह सामान्य बताया है। (Trump Netanyahu Phone Call)

ईरान युद्ध का भारी आर्थिक बोझ और पुराने मतभेद

विश्लेषकों का यह भी मानना है कि इस तनाव के पीछे आर्थिक और रणनीतिक दबाव भी एक बड़ा कारण है। अमेरिका की ओर से ईरान के खिलाफ छेड़ी गई जंग वॉशिंगटन के लिए काफी खर्चीली साबित हुई है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड की ओर से अमेरिकी सांसदों को दी गई जानकारी के मुताबिक 16 अक्टूबर 2026 तक इस युद्ध पर कुल 47.1 अरब डॉलर यानी लगभग 4.4 लाख करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि खर्च होने का अनुमान लगाया गया है। इससे पहले जून 2026 में भी दोनों नेताओं के बीच लेबनान में इजरायली हमलों को बढ़ाने को लेकर तनातनी हुई थी, जहां ट्रंप ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। इन आर्थिक और कूटनीतिक मोर्चों पर खिंचती तान ने दोनों देशों के बीच की दूरियों को बढ़ा दिया है।

व्हाइट हाउस के पास ताबड़तोड़ फायरिंग

मिडिल ईस्ट के तनाव के बीच अमेरिकी राजधानी वाशिंगटन डीसी से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। व्हाइट हाउस से महज एक मील की दूरी पर स्थित पॉश लोगन सर्कल इलाके में अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। 15वीं स्ट्रीट पर स्थित ‘VIDA’ फिटनेस सेंटर के पास हुई इस खूनी वारदात में कुल पांच लोगों को गोली लगी, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और स्वाट (SWAT) टीमों ने तुरंत पूरे क्षेत्र को घेर लिया। खुद को चारों तरफ से घिरता देख हमलावर ने पास के ही एक अपार्टमेंट में शरण ली और अंत में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। 

अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा और पूर्व के खतरे

पुलिस जांच में यह सामने आया है कि इस घटना का सीधा संबंध राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को निशाना बनाने से नहीं था, बल्कि हमलावर का इमारत के होम ओनर्स एसोसिएशन के साथ कोई पुराना विवाद चल रहा था। इसके बावजूद व्हाइट हाउस के इतने करीब इस तरह की गोलीबारी ने अमेरिकी सुरक्षा व्यवस्था और देश में लगातार बढ़ रहे गन कल्चर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रंप के कार्यकाल और राजनीतिक सफर के दौरान सुरक्षा में सेंध या हमलों की कोशिशों का पुराना इतिहास रहा है। 2016 में नेवादा रैली के दौरान एक संदिग्ध हथियार के साथ पकड़ा गया था, जो राष्ट्रपति को निशाना बनाना चाहता था। 2017  में व्हाइट हाउस में एक व्यक्ति सुरक्षा घेरे को तोड़कर परिसर के अंदर घुस आया था। 2018 में व्हाइट हाउस को एक खतरनाक जहर वाला संदिग्ध लिफाफा भेजा गया था। 2020 में कुछ तत्वों ने राष्ट्रपति के खिलाफ सुनियोजित हमले की योजना बनाई थी।

सैनिक की डांट के बाद उठाया गया सम्मान का कदम

2024 में पेंसिल्वेनिया में चुनावी रैली के दौरान हुई गोलीबारी की घटना में ट्रंप घायल हो गए थे। इन तमाम पिछली घटनाओं के बाद अमेरिकी राष्ट्रपतियों की सुरक्षा अभेद्य कर दी गई है, लेकिन व्हाइट हाउस के नजदीक इस हालिया खूनी संघर्ष ने नागरिकों और सुरक्षा एजेंसियों की चिंताएं फिर से बढ़ा दी हैं। अमेरिकी प्रशासन में एक और बड़े विवाद ने तूल पकड़ लिया है, जिसमें देश के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ सुर्खियों में आ गए हैं। वेटरन्स डे के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रक्षा मंत्री अपनी पत्नी और तीन सलाहकारों के साथ अर्लिंग्टन नेशनल सेमेट्री पहुंचे थे। युद्ध स्मारक पर स्थित ‘टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर’ यानी अज्ञात सैनिक की समाधि अमेरिका के सबसे पवित्र और सम्मानित सैन्य स्थलों में से एक है, जहां प्रथम, द्वितीय और कोरियाई युद्ध के अज्ञात वीरों के पार्थिव शरीर विश्राम कर रहे हैं। यहां की सख्त परंपरा के मुताबिक परिसर में हमेशा पूर्ण शांति और अनुशासन बनाए रखना अनिवार्य है। घटना के दौरान रक्षा मंत्री और उनका प्रतिनिधिमंडल समूह तस्वीरें खिंचवाने के बाद अनौपचारिक बातचीत और हंसी-मजाक में मशगूल हो गया। 

विपक्षी दलों का निशाना और डैमेज कंट्रोल

इस गंभीर स्थल पर मर्यादा भंग होता देख वहां तैनात सतर्क सुरक्षा सैनिक का गुस्सा फूट पड़ा। उसने अपनी गश्त रोकते हुए रक्षा मंत्री और उनके सहयोगियों को सबके सामने कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस पवित्र स्थल पर आने वाले सभी आगंतुकों को हमेशा शांति और सम्मान बनाए रखना चाहिए। कैमरे में कैद हुआ यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया, जिसके बाद विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं ने इसे सीधे तौर पर अमेरिकी सैनिकों और शहीदों का अपमान करार दिया। मिडटर्म चुनाव के बाद से पहले ही राजनीतिक दबाव का सामना कर रहे रक्षा मंत्री के खिलाफ विपक्ष ने महाभियोग तक की तैयारी के सुर तेज कर दिए। इस बढ़ते विवाद और किरकिरी को संभालने के लिए पेंटागन को सफाई देनी पड़ी। मामले की गंभीरता को भांपते हुए रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने डैमेज कंट्रोल के तहत उसी सतर्क सैनिक को आधिकारिक रूप से सम्मानित किया, जिसने उन्हें नियमों का पाठ पढ़ाया था। (Trump Netanyahu Phone Call)

 

इस कदम को राजनीतिक गलियारों में अपनी छवि सुधारने की एक सोची-समझी कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। एक तरफ अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर वॉशिंगटन और तेल अवीव के बीच बदलते कूटनीतिक समीकरण और ईरान के साथ चल रहे तनाव ने वैश्विक राजनीति की दिशा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं तो वहीं दूसरी तरफ देश के भीतर व्हाइट हाउस के नजदीक हुई हिंसक वारदात और शीर्ष नेतृत्व से जुड़े प्रोटोकॉल विवादों ने अमेरिकी प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती पेश कर दी है। राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर गहन चर्चा छिड़ी हुई है कि विदेश नीति के मोर्चे पर सहयोगियों के साथ तालमेल बैठाने से लेकर घरेलू सुरक्षा और प्रशासनिक साख को बरकरार रखने तक, ट्रंप प्रशासन आने वाले दिनों में इन जटिल परिस्थितियों से किस तरह पार पाता है, क्योंकि इन घटनाओं का सीधा असर न सिर्फ अमेरिका की आंतरिक राजनीति पर पड़ेगा, बल्कि पूरी दुनिया की नजरें भी वॉशिंगटन के अगले कदम पर टिकी रहेंगी। (Trump Netanyahu Phone Call)

Back to top button
error: Content is protected !!