Google Analytics —— Meta Pixel

माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से दुनियाभर में सरकारी सिस्टम और बैंकिंग प्रभावित, भारत में 3 फ्लाइट्स रद्द

Microsoft Outage Impact: माइक्रोसॉफ्ट की ऑनलाइन सेवाओं में आई तकनीकी खराबी का असर दुनियाभर की बड़ी कंपनियों और सरकारी संस्थानों तक पहुंच गया है। कई देशों में बैंकिंग, पुलिस, खुफिया एजेंसियों, अदालतों और सरकारी सिस्टम का कामकाज प्रभावित हुआ है। हॉन्गकॉन्ग में बैंकिंग सेवाओं में परेशानी आई, जबकि ऑस्ट्रेलिया में खुफिया एजेंसियों और पुलिस के कामकाज पर असर पड़ा। जापान में सरकारी सिस्टम और फिलीपींस में अदालतों का कामकाज भी बाधित हुआ। इसके अलावा कई जगह स्कूलों और अस्पतालों में भी डिजिटल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी खराबी का असर भारत में हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। शुक्रवार सुबह स्पाइसजेट को दिल्ली से उड़ान भरने वाली तीन फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ी। इनमें दिल्ली-पुणे, दिल्ली-लेह और दिल्ली-मुंबई की उड़ानें शामिल थी। इसके अलावा दरभंगा और मुंबई जाने वाली दो अन्य फ्लाइट्स में देरी हुई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें:- माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस 15 घंटे से ठप, दुनियाभर में मचा हड़कंप, ईमेल से लेकर ऑनलाइन मीटिंग तक प्रभावित

स्थिति को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की अपील की। इंडिगो और अकासा एयर ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को संभावित बदलावों और देरी को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की जानकारी अपडेट रखने की सलाह दी गई। हालांकि एयर इंडिया ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई खराबी का उसकी उड़ानों के संचालन पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ा है। कंपनी के मुताबिक उसके कम्युनिकेशन चैनल सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। यात्रियों के ईमेल लगातार प्राप्त होते रहें, इसके लिए ईमेल ट्रैफिक को अस्थायी रूप से दूसरे रास्ते से भेजने की व्यवस्था की गई है। एयर इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया कि वह निर्धारित 24 घंटे की समयसीमा में ईमेल का जवाब दे रही है। (Microsoft Outage Impact)

पहले भी तकनीकी खराबी से ठप हुईं दुनिया की हवाई सेवाएं

विमानन क्षेत्र में तकनीकी खराबी का यह पहला मामला नहीं है। जुलाई 2024 में माइक्रोसॉफ्ट और क्राउडस्ट्राइक से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी के कारण दुनियाभर में विंडोज कंप्यूटर प्रभावित हुए थे। उस दौरान 5 हजार 78 उड़ानें रद्द हुई थीं और हजारों उड़ानों में देरी हुई थी। चेक-इन, बोर्डिंग पास और एयरपोर्ट के सिस्टम पर भी असर पड़ा था। जनवरी 2023 में अमेरिका के FAA के NOTAM सिस्टम में खराबी के चलते 10 हजार से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई थी। अगस्त 2023 में ब्रिटेन के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में गड़बड़ी से करीब 1 हजार 500 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। वहीं, मई 2017 में ब्रिटिश एयरवेज का आईटी सिस्टम बिजली आपूर्ति की समस्या के कारण ठप हो गया था, जिससे करीब 75 हजार यात्री प्रभावित हुए थे। अगस्त 2016 में डेल्टा एयरलाइंस के कंप्यूटर सिस्टम में खराबी के कारण 2 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। इन घटनाओं से साफ है कि विमानन क्षेत्र में तकनीकी सिस्टम पर बढ़ती निर्भरता के बीच एक छोटी सी गड़बड़ी भी हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित कर सकती है।

Back to top button
error: Content is protected !!