Google Analytics —— Meta Pixel

अंडमान में चक्रवात की आहट, उत्तर भारत में ठंड और कोहरा, दुनियाभर में दिल्ली की हवा सबसे जहरीली

Andaman Sea Cyclonic System: अंडमान सागर में एक नया चक्रवाती सिस्टम बन रहा है। इसके प्रभाव से ओडिशा और आंध्र प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और 14 नवंबर के आसपास कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल सकता है। अगले 48 घंटों में इसकी स्थिति और ताकत को लेकर तस्वीर साफ होगी। अगर सिस्टम मजबूत होकर चक्रवाती तूफान का रूप लेता है तो इसका नाम ‘अकवान’ रखा जाएगा। यह नाम ईरान ने प्रस्तावित किया है। इसरो के INSAT-3DS सैटेलाइट ने अंडमान सागर के ऊपर बादलों की तेज गतिविधियां रिकॉर्ड की हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक समुद्र के ऊपर बन रहा यह सिस्टम आगे चलकर चक्रवात का रूप ले सकता है। बता दें कि अक्टूबर में महज एक हफ्ते के भीतर दो चक्रवाती तूफान आ चुके हैं। ऐसे में मौसम विभाग की नजर इस नए सिस्टम की गतिविधियों पर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें:- असम में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 24 लोगों की मौत, मृतकों में ज्यादातर स्टूडेंट्स 

एक तरफ समुद्र में चक्रवाती गतिविधियां बढ़ रही हैं तो दूसरी तरफ उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर जारी है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बर्फबारी हुई है। जम्मू-कश्मीर की गुरेज वैली, सोनमर्ग और कुपवाड़ा में बर्फबारी के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। सोनमर्ग में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। कुपवाड़ा में सड़कों से बर्फ हटाने का काम भी किया गया। हिमाचल प्रदेश के रोहतांग पास, मरही और लाहौल-स्पीति में भी बर्फबारी हुई। मौसम खराब होने के कारण मनाली पुलिस ने मरही से रोहतांग पास की ओर जाने वाले वाहनों को रोक दिया। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं सुबह के समय कई इलाकों में धुंध और कोहरा छाने लगा है। उत्तर प्रदेश के शामली में घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह गई। (Andaman Sea Cyclonic System)

राजस्थान में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट

राजस्थान में भी मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए राज्य के कुछ इलाकों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान और स्थानीय परिस्थितियों में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम में बदलाव के बीच दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। शुक्रवार को दिल्ली ने पाकिस्तान के लाहौर को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में पहला स्थान हासिल किया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 403 दर्ज किया गया। दिल्ली यूनिवर्सिटी के आसपास AQI 478 और ITO इलाके में 455 तक पहुंच गया। स्विस संस्था IQAir के आंकड़ों के मुताबिक भी दिल्ली की हवा बेहद खराब स्थिति में रही। संस्था ने दिल्ली का AQI 334 दर्ज किया, जबकि पाकिस्तान के लाहौर का AQI 197 रहा। IQAir की सूची में कोलकाता 192 AQI के साथ तीसरे और बांग्लादेश की राजधानी ढाका 173 AQI के साथ चौथे स्थान पर रहा।

देश के 18 शहरों में हवा बेहद खराब 

13 नवंबर 2026 के IQAir आंकड़ों के मुताबिक दुनिया के 10 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में दिल्ली पहले स्थान पर रही। इसके बाद पाकिस्तान का लाहौर, भारत का कोलकाता, बांग्लादेश का ढाका और फिलीपींस का मनीला शामिल रहे। मैक्सिको सिटी, चीन के चोंगकिंग, बीजिंग और चेंगदू के साथ उज्बेकिस्तान का ताशकंद भी इस सूची में शामिल रहा। प्रदूषण का असर सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है। देश के 18 शहरों में औसत AQI 301 से 400 के बीच दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। इनमें हरियाणा के 9, उत्तर प्रदेश के 5, राजस्थान, पंजाब और तमिलनाडु के एक-एक शहर के अलावा दिल्ली शामिल है। हरियाणा का गुरुग्राम स्थित पंचगांव सबसे प्रदूषित क्षेत्रों में रहा। राज्य के कुल 23 शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब या बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। (Andaman Sea Cyclonic System)

नोएडा में शुक्रवार को AQI 311 दर्ज 

वहीं दिल्ली-एनसीआर में जमीन से करीब 1000 मीटर की ऊंचाई तक प्रदूषण की परत बनी हुई है। इसका असर वातावरण और दृश्यता दोनों पर पड़ रहा है। दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण और धुंध के कारण दृश्यता घटकर करीब 40 मीटर तक रह गई। लोग प्रदूषण से बचने के लिए मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं। नोएडा में भी शुक्रवार को AQI 311 दर्ज किया गया, जो गंभीर प्रदूषण की स्थिति को दर्शाता है। फिलहाल देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के दो विपरीत रूप देखने को मिल रहे हैं। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में ठंड व कोहरे का असर बढ़ रहा है, जबकि अंडमान सागर में नया चक्रवाती सिस्टम विकसित हो रहा है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। आने वाले दिनों में चक्रवाती सिस्टम की दिशा और उत्तर भारत में मौसम के बदलाव पर नजर रहेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!