अटल रॉक गार्डन में युवती से गैंगरेप! बॉयफ्रेंड के साथ घूमने गई थी, दो आरोपी हिरासत में
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित अटल रॉक गार्डन में बॉयफ्रेंड के साथ घूमने गई 20 वर्षीय युवती ने दो युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है।

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। खरसिया थाना क्षेत्र के बोतल्दा स्थित अटल रॉक गार्डन में अपने बॉयफ्रेंड के साथ घूमने गई 20 वर्षीय युवती ने दो युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
पहाड़ी पर पहुंचे थे युवक-युवती, तभी आ गए दो युवक
मिली जानकारी के अनुसार, सक्ती थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती शनिवार को अपने बॉयफ्रेंड के साथ बोतल्दा स्थित अटल रॉक गार्डन घूमने पहुंची थी। दोनों घूमते हुए पहाड़ के ऊपर चले गए। इसी दौरान वहां दो युवक पहुंच गए।
आरोप है कि दोनों युवकों ने पहले युवक और युवती को धमकाया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की और रुपये छीन लिए। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद दोनों युवकों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद युवती ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान की।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान बोतल्दा निवासी राहुल पटेल (22) और थनेश्वर पटेल (20) के रूप में हुई है।
दोनों आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
खरसिया एसडीओपी सतीश भार्गव के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।



