छत्तीसगढ़ में हिंसा की चार घटनाएं, बेटे ने पिता को पेट्रोल डालकर जलाया, मेडिकल छात्र का अपहरण कर पीटा; सरपंच और ग्रामीणों से भी मारपीट

Crime in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर हिंसा की चार घटनाएं सामने आई हैं। बिलासपुर में जमीन विवाद के चलते एक बेटे ने अपने 76 साल के पिता के साथ बेरहमी से मारपीट करने के बाद उनके शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वहीं बिलासपुर में ही पुराने स्कूली विवाद को लेकर मेडिकल कॉलेज के छात्र को मिलने के बहाने बुलाकर कार में अगवा किया गया और करीब एक घंटे तक मारपीट की गई। इसके अलावा मल्हार क्षेत्र में सरपंच पति और उनके परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट का मामला सामने आया है। कबीरधाम जिले में पंचायत परिसर में कचरा फेंकने को लेकर सरपंच के साथ मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने संबंधित मामलों में जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में हत्या की तीन घटनाओं से सनसनी, कहीं भाई ने बहन को मारा तो कहीं भतीजे ने बुआ की ली जान
बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के सेलर गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने ही 76 साल के पिता विश्राम केंवट पर लोहे के हथियार से हमला कर दिया और फिर उनके शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को उनकी बेटी ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक वारदात के पीछे जमीन संबंधी विवाद की बात सामने आई है। विश्राम केंवट अपने घर में अकेले रहते थे। उम्र ज्यादा होने के कारण उन्हें अपनी देखभाल और खेती-बाड़ी के काम में परेशानी होती थी। इसी वजह से उन्होंने अपनी बेटी और उसके परिवार को अपने साथ रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि उनका बेटा आशाराम केंवट लोहे का हथियार और पेट्रोल लेकर सेलर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने अपने पिता पर लोहे के हथियार से हमला कर दिया। (Crime in Chhattisgarh)
मेडिकल छात्र को कार में अगवा कर एक घंटे तक पीटा
आरोप है कि हमले के बाद आशाराम ने पिता के शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और उन्हें तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के दौरान विश्राम केंवट की बेटी दुरपति बाई ने अपने पिता को आग की चपेट में देखा तो तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। बुजुर्ग का अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। ASP शहर पंकज पटेल ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर जमीन विवाद की बात सामने आई है। पुलिस फरार आरोपी आशाराम केंवट की तलाश कर रही है। वहीं बिलासपुर में पुरानी स्कूली रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जहां जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले चौथे सेमेस्टर के छात्र अरिहंत दीक्षित को पुराने सहपाठियों ने मिलने के बहाने बुलाया और फिर जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया। आरोप है कि छात्र को कोनी क्षेत्र की सुनसान सड़कों पर ले जाकर करीब एक घंटे तक लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया। इसके बाद आरोपी उसे लहूलुहान हालत में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

पूरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक अरिहंत दीक्षित दिवाली की छुट्टियों में अपने घर आया हुआ था। इसी दौरान उसके पुराने स्कूली साथियों ने उसे मिलने के बहाने नूतन चौक बुलाया। बातचीत के दौरान उसे जबरन कार में बैठा लिया गया और सुनसान इलाके में ले जाकर मारपीट की गई। पूरी वारदात के पीछे स्कूल के दिनों की पुरानी रंजिश बताई जा रही है। दरअसल, डीएवी स्कूल में पढ़ाई के दौरान कुछ सहपाठियों ने अरिहंत की टोपी खींच दी थी। इस बात की शिकायत उसने शिक्षक से कर दी थी, जिसके बाद शिक्षक ने छात्रों को फटकार लगाई थी। इसी बात से नाराज सहपाठियों ने सालों बाद इस घटना को अंजाम दिया। मारपीट के बाद आरोपी छात्र को नूतन चौक के पास छोड़कर भाग निकले। घायल छात्र किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
सरपंच पति को गाली देने से रोकना पड़ा भारी
पुलिस ने रितिक मिश्रा, सिद्धि विनायक सोनकर और आदित्य सरकार के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बिलासपुर जिले के ही मस्तूरी थाना अंतर्गत मल्हार चौकी क्षेत्र के सरसेनी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। घटना में तीन लोगों को चोटें आई हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के मुताबिक गांव में सरपंच पति नारायण सोल्डे और पड़ोस में रहने वाले ललित सोल्डे के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान नारायण सोल्डे के भतीजे राजकुमार ने जब गाली-गलौज करने से मना किया तो विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि ललित सोल्डे, आर्यन सोल्डे और तितरी बाई सोल्डे ने राजकुमार पर लाठियों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे रामायण सोल्डे और नारायण सोल्डे के साथ भी मारपीट की गई। घटना में तीनों को चोटें आईं, जिनमें सिर पर गंभीर चोट लगने की बात भी सामने आई है। (Crime in Chhattisgarh)
पंचायत परिसर में कचरा फेंकने को लेकर विवाद
वहीं दूसरे पक्ष की तितरी बाई सोल्डे ने भी शिकायत दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि उसके पति ललित सोल्डे रोजगार गारंटी योजना के तहत किए गए चार सप्ताह के काम की मजदूरी मांगने सरपंच पति के घर के पास पहुंचे थे। इसी बात पर नारायण सोल्डे, रामायण सोल्डे और राजकुमार सोल्डे ने उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची तितरी बाई, उसके बेटे आर्यन और बेटी अंतरा के साथ भी मारपीट की गई। दोनों पक्षों की शिकायत पर मल्हार पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। कबीरधाम जिले के भागुटोला गांव में ग्राम पंचायत परिसर में कचरा फेंकने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। यहां सरपंच चिंताराम साहू ने गांव के कुछ लोगों पर पंचायत भवन परिसर में कचरा फेंकने और विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले में कवर्धा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं सरपंच ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। (Crime in Chhattisgarh)
![]()
सरपंच चिंताराम साहू के मुताबिक 7 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे जब उन्होंने पंचायत परिसर का ताला खोला तो वहां कचरा बिखरा हुआ मिला। उनका आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने अपने घरों का कचरा पंचायत परिसर में फेंक दिया था। इसके बाद सरपंच ने पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में संबंधित लोगों को समझाइश देने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान नोकचंद साहू और अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के समय पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौजूद थे। सरपंच ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि इससे पहले भी पंचायत परिसर में निजी सामान रखने और कांच के टुकड़े जैसी नुकसान पहुंचाने वाली वस्तुएं फेंकने की घटनाएं हुई थीं। पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से आपत्ति जताने के बावजूद इस तरह की गतिविधियां जारी रहीं। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरपंच ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



