छत्तीसगढ़ में हड़ताली पटवारियों पर सरकार की बड़ी कार्रवाई, 107 निलंबित; 1007 की सेवा पर ब्रेक, 3931 को नोटिस
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। लंबे समय से जारी आंदोलन के बीच राजस्व विभाग ने हड़ताल में शामिल पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला तेज कर दिया है। अब तक प्रदेशभर में 107 पटवारियों को निलंबित किया जा चुका है, जबकि 1007 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा 3931 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
सरकारी कार्रवाई का दायरा यहीं तक सीमित नहीं है। विभाग ने 95 पटवारियों का तबादला किया है, वहीं 31 पटवारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। सरकार के इस कड़े कदम से राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, पटवारी संगठन और शासन के बीच टकराव बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
निलंबन से विभागीय जांच तक, पांच तरह की कार्रवाई
पटवारियों की हड़ताल के चलते राजस्व से जुड़े कामकाज प्रभावित होने के बीच सरकार ने अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई की है। जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक की स्थिति इस प्रकार है—
- 107 पटवारी निलंबित किए गए।
- 1007 पटवारियों पर ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई।
- 3931 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी।
- 95 पटवारियों का तबादला किया गया।
- 31 पटवारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश।
बस्तर में सबसे ज्यादा पटवारी निलंबित
जिलेवार कार्रवाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो बस्तर जिले में सबसे अधिक 17 पटवारियों को निलंबित किया गया है। वहीं सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 14-14 पटवारियों पर निलंबन की कार्रवाई हुई है। इससे साफ है कि हड़ताल में शामिल कर्मचारियों के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग जिलों में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की गई है।
राजस्व कामकाज प्रभावित, सरकार ने बढ़ाया दबाव
पटवारियों की हड़ताल के कारण जमीन से जुड़े राजस्व कार्यों सहित आम लोगों के कई जरूरी काम प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। नामांतरण, सीमांकन और अन्य राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं में देरी की आशंका के बीच सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने की कोशिश में जुटी है।
निलंबन, ब्रेक इन सर्विस, नोटिस और तबादले जैसी कार्रवाई के जरिए सरकार ने आंदोलनकारी पटवारियों को सख्त संदेश दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार की कार्रवाई के बाद पटवारी संगठन आंदोलन समाप्त करने की दिशा में कदम उठाता है या फिर आंदोलन और उग्र रूप लेता है।



