Google Analytics —— Meta Pixel

महादेव ऐप केस: सौरभ चंद्राकर को कोर्ट से नहीं मिली राहत, 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की CBI रिमांड पूरी। रायपुर स्पेशल कोर्ट ने 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा, ED की अर्जी खारिज।

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। CBI की 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद आज गुरुवार को उसे रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भी कोर्ट से झटका लगा है। अदालत ने नॉन-बेलेबल वारंट के निष्पादन को लेकर ED की ओर से पेश आवेदन खारिज कर दिया।

CBI ने दोबारा नहीं मांगी कस्टडी

सौरभ चंद्राकर को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदालत में पेश किया गया। इस दौरान CBI और ED के अधिकारी भी मौजूद रहे। बताया गया कि CBI ने पिछले 8 दिनों तक आरोपी से पूछताछ की। रिमांड की अवधि पूरी होने पर जांच एजेंसी ने दोबारा कस्टोडियल रिमांड की मांग नहीं की, बल्कि उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का अनुरोध किया। कोर्ट ने CBI के इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए सौरभ को जेल भेजने का आदेश दिया।

ED की नॉन-बेलेबल वारंट वाली अर्जी खारिज

सुनवाई के दौरान ED ने सौरभ चंद्राकर के खिलाफ जारी नॉन-बेलेबल वारंट को एक्जीक्यूट कराने के लिए अदालत में आवेदन पेश किया था। हालांकि, कोर्ट ने ED की इस अर्जी को स्वीकार नहीं किया और उसे खारिज कर दिया। मामले में ED की ओर से अधिवक्ता सौरभ पांडे ने पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता तुषार गिरी अदालत में उपस्थित रहे।

चार अधिकारियों को CBI ने भेजा नोटिस

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले की जांच में CBI ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। जांच एजेंसी ने मामले से जुड़े चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है। इन अधिकारियों से मामले से संबंधित तथ्यों और जांच के दौरान सामने आए बिंदुओं पर सवाल-जवाब किए जाने की संभावना है।

फिलहाल अदालत के आदेश के बाद सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रहेगा। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मामले में CBI और ED की जांच जारी है। आने वाले दिनों में जांच के दौरान और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

यह भी पढ़े :- सरकारी जमीन पर गेट लगाकर कब्जे का मामला: अपर कलेक्टर ने खारिज की अपील, 15 दिन में अतिक्रमण हटाने का सख्त आदेश

Back to top button
error: Content is protected !!