पति अपने गलत आचरण का फायदा उठाकर पत्नी से नहीं ले सकता तलाक: बिलासपुर हाईकोर्ट

Bilaspur High Court Verdict: बिलासपुर हाईकोर्ट ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक मामले में अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा कि कोई भी पति अपने गलत आचरण का लाभ उठाकर पत्नी से तलाक हासिल नहीं कर सकता। अगर पत्नी घरेलू हिंसा, मारपीट और प्रताड़ना के कारण पति से अलग रहने को मजबूर है तो उसके इस फैसले को पति के प्रति क्रूरता या परित्याग नहीं माना जा सकता। इसी टिप्पणी के साथ हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट के पति के पक्ष में जारी तलाक की डिक्री को निरस्त कर दिया है। अदालत के इस फैसले को वैवाहिक विवादों में महिलाओं के अधिकारों और न्याय के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दरअसल, मामला महासमुंद जिले के एक वैवाहिक विवाद से जुड़ा है। इस मामले में फैमिली कोर्ट ने 27 नवंबर 2024 को पति राजेश कुमार साहू की तलाक याचिका स्वीकार करते हुए क्रूरता और परित्याग के आधार पर तलाक की डिक्री जारी की थी।
यह भी पढ़ें:- सरगुजा में कुएंनुमा गड्ढे में डूबने से 2 ग्रामीणों की मौत, रातभर घर नहीं लौटे, सुबह मिले दोनों के शव
फैमिली कोर्ट के इस फैसले को पत्नी वर्षा ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। पत्नी की अपील पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने पूरे मामले के तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करते हुए फैमिली कोर्ट के फैसले को निरस्त कर दिया। जानकारी के मुताबिक राजेश कुमार साहू और वर्षा की शादी 18 अप्रैल 2018 को हुई थी। विवाह के बाद नवंबर 2020 में उनके बेटे का जन्म हुआ। पति ने फैमिली कोर्ट में दलील दी थी कि पत्नी सितंबर 2022 से अपने बेटे के साथ मायके में रह रही है और कई प्रयासों के बावजूद ससुराल लौटने को तैयार नहीं है। पति ने पत्नी के इस व्यवहार को क्रूरता और परित्याग बताते हुए तलाक की मांग की थी। फैमिली कोर्ट ने पति की दलीलों को स्वीकार करते हुए तलाक मंजूर कर लिया था। हालांकि हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान मामले के दूसरे पहलू भी सामने आए।
फैमिली कोर्ट के फैसले में पाया विरोधाभास
पत्नी की ओर से बताया गया कि पति नशे का सेवन करता था और उसके साथ मारपीट करने के साथ ही गाली-गलौज भी करता था। सुनवाई के दौरान पति की मां ने भी अदालत में अपने बेटे की नशे की आदत और पत्नी के साथ मारपीट की घटनाओं की पुष्टि की। इसके अलावा मेडिकल दस्तावेजों में भी अक्टूबर 2020 में हुई मारपीट से संबंधित रिकॉर्ड सामने आया, जो पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों को समर्थन देता था। मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने पाया कि फैमिली कोर्ट ने खुद यह माना था कि पति के व्यवहार और परिस्थितियों के चलते पत्नी का अलग रहना उचित था। इसके बावजूद उसी आधार पर पत्नी के खिलाफ परित्याग और क्रूरता मानते हुए तलाक की डिक्री जारी कर दी गई। हाईकोर्ट ने इस निष्कर्ष को विरोधाभासी माना। अदालत ने स्पष्ट किया कि जब पत्नी घरेलू हिंसा और प्रताड़ना के कारण पति से अलग रहने को मजबूर हुई है, तो उसके अलग रहने को पति के प्रति क्रूरता या वैवाहिक संबंधों का परित्याग नहीं कहा जा सकता। पति अपने ही गलत आचरण और व्यवहार को तलाक हासिल करने का आधार नहीं बना सकता। (Bilaspur High Court Verdict)
हाईकोर्ट ने तलाक की डिक्री की निरस्त
सभी तथ्यों और साक्ष्यों पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने पत्नी वर्षा की अपील स्वीकार कर ली और फैमिली कोर्ट की ओर से 27 नवंबर 2024 को जारी तलाक की डिक्री को निरस्त कर दिया। इस फैसले के साथ अदालत ने यह महत्वपूर्ण सिद्धांत दोहराया कि वैवाहिक संबंधों में किसी पक्ष को अपने ही गलत व्यवहार का लाभ उठाकर कानूनी राहत हासिल करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। हाईकोर्ट के इस फैसले से साफ संदेश गया है कि घरेलू हिंसा और प्रताड़ना से बचने के लिए पत्नी का अलग रहना अपने आप में पति के प्रति क्रूरता या परित्याग नहीं माना जा सकता। तलाक जैसे संवेदनशील मामलों में अदालत को वैवाहिक विवाद के पीछे की परिस्थितियों, दोनों पक्षों के आचरण और उपलब्ध साक्ष्यों को ध्यान में रखकर निर्णय लेना होगा। कुल मिलाकर, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का यह फैसला वैवाहिक विवादों में एक अहम नजीर पेश करता है। अदालत ने साफ कर दिया है कि घरेलू हिंसा और प्रताड़ना से बचने के लिए पत्नी का अलग रहना क्रूरता नहीं है और न ही पति को अपने ही गलत आचरण का फायदा उठाकर तलाक लेने का अधिकार है।



