छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार पाने का मौका, बालोद और अंबिकापुर में लगेंगे रोजगार मेले, 457 पदों पर होगी भर्ती
Job Fair in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अच्छा अवसर है। प्रदेश के बालोद और सरगुजा जिले में नवंबर महीने में रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इन दोनों रोजगार मेलों के माध्यम से कुल 457 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें 10वीं, 12वीं पास से लेकर आईटीआई, स्नातक और स्नातकोत्तर तक की योग्यता रखने वाले युवा शामिल हो सकते हैं। बालोद जिला रोजगार और स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से 13 नवंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला संयुक्त जिला कार्यालय स्थित जिला रोजगार कार्यालय में लगेगा। इसमें तीन निजी नियोजकों की ओर से तकनीकी और गैर-तकनीकी श्रेणी के कुल 220 पदों पर भर्ती की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- भारत की बढ़ती मिसाइल ताकत से सहमा पाकिस्तान, LoC पर तैनात किए चीन और तुर्किये के एंटी-ड्रोन सिस्टम
इस रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई उत्तीर्ण, बीएससी एग्रीकल्चर, स्नातक और स्नातकोत्तर सहित अन्य योग्यताधारी अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी के मुताबिक रोजगार मेले में शामिल होने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की मूल प्रति, आधार कार्ड और रोजगार पंजीयन कार्ड की छायाप्रति लेकर आना होगा। ज्यादा जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के फोन नंबर 07749-299509 पर संपर्क किया जा सकता है। (Job Fair in Chhattisgarh)
अंबिकापुर में 18 नवंबर को जिला स्तरीय रोजगार मेला
वहीं अंबिकापुर में 18 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार और स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से आयोजित यह मेला गंगापुरखुर्द स्थित रोजगार कार्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।उपसंचालक रोजगार के मुताबिक इस मेले में अलग-अलग निजी नियोजकों की ओर से तकनीकी और गैर-तकनीकी श्रेणी के लगभग 237 पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा। इसमें शिक्षक, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, इंश्योरेंस एडवाइजर और बीमा सखी सहित विभिन्न पद शामिल हैं। इस रोजगार मेले में सरगुजा संभाग के सभी शिक्षित युवा शामिल होकर नौकरी के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। (Job Fair in Chhattisgarh)
ऑनलाइन पंजीयन जरूरी, साथ लाने होंगे ये दस्तावेज
अंबिकापुर रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को ई-रोजगार पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ या छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से रोजगार पंजीयन के साथ मेले के लिए ऑनलाइन पंजीयन कराना अनिवार्य होगा, जिन युवाओं ने अभी तक रोजगार पोर्टल पर पंजीयन नहीं कराया है, वे पहले अपना पंजीयन करा सकते हैं। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर आना होगा। अंबिकापुर में आयोजित होने वाला रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। भर्ती, नियोजन की शर्तों और नियुक्ति की जिम्मेदारी संबंधित निजी नियोजकों की होगी। रोजगार कार्यालय इस पूरी प्रक्रिया में केवल सुविधा प्रदाता के रूप में अपनी भूमिका निभाएगा। इस तरह बालोद और अंबिकापुर में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों से जिले और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर ऑनलाइन पंजीयन कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं।



