जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मिले लापता दो SPO के शव, शरीर गोलियों से छलनी, राइफलें भी गायब

Kishtwar Two SPO Killed: जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। किश्तवाड़ में लापता हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर यानी SPO के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। दोनों के शरीर गोलियों से छलनी मिले हैं, जबकि उनके पास मौजूद सर्विस राइफलें भी गायब हैं। कुलगाम में एक दिन पहले CRPF के नाका पॉइंट पर हुए हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। दूसरी ओर बारामूला में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद कर एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था और आतंकियों की सक्रियता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें:- CG Assembly Winter Session : 14 दिसंबर से सजेगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र, चार दिन में चार बैठकें; जानिए पूरा कार्यक्रम
दरअसल, किश्तवाड़ जिले के मारवाह के जंगल में बुधवार शाम लापता हुए दो SPO रशपाल कुमार और बाबी चंद के शव बरामद किए गए हैं। दोनों सेना के साथ इलाके में सर्च ऑपरेशन के लिए गए थे। इसी दौरान वे अचानक लापता हो गए। बताया जा रहा है कि उनके लापता होने के समय जंगल से फायरिंग की आवाजें भी सुनाई दी थी। तलाशी के दौरान दोनों के शव गोलियों से छलनी हालत में मिले। उनके पास 60 राउंड वाली एक INSAS राइफल और 50 राउंड वाली एक .303 राइफल थी, लेकिन दोनों हथियार मौके से गायब मिले हैं। ऐसे में हत्या के साथ हथियार लूटे जाने की आशंका भी जताई जा रही है। (Kishtwar Two SPO Killed)
कौन होते हैं स्पेशल पुलिस ऑफिसर ?
SPO यानी स्पेशल पुलिस ऑफिसर स्थानीय स्तर पर पुलिस की सहायता के लिए नियुक्त किए जाते हैं। जम्मू-कश्मीर में इनकी व्यवस्था की शुरुआत साल 1995 में हुई थी। आतंकवाद प्रभावित क्षेत्रों में इनकी भूमिका काफी अहम होती है। ये स्थानीय स्तर पर आतंकियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने, खुफिया सूचनाएं देने और सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों की मदद करने का काम करते हैं। इनकी नियुक्ति नियमित पुलिस कांस्टेबल से अलग होती है और सेवा की शर्तें भी अलग होती हैं। मानदेय की बात करें तो नए SPO को 12 हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाते हैं। पांच साल की सेवा पर यह राशि 18 हजार, 10 साल की सेवा पर 24 हजार और 15 साल या उससे ज्यादा सेवा पर 30 हजार रुपए प्रतिमाह तक होती है। इस घटना के बीच एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। दोनों SPO के लापता होने के दौरान इसी इलाके में एयरटेल मोबाइल नेटवर्क सेवाएं भी बाधित हुई थी। बता दें कि एयरटेल ने इसी साल 10 मार्च को मारवाह इलाके में पहली बार मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू की थी। ऐसे में नेटवर्क बाधित होने की घटना भी जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अक्टूबर में भी लापता SPO की हुई थी हत्या
किश्तवाड़ में SPO की हत्या का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 15 अक्टूबर 2026 को SPO बशीर अहमद किश्तवाड़ के त्रिगाम स्थित पुलिस पिकेट से अपनी सर्विस राइफल के साथ लापता हो गए थे। अगले दिन 16 अक्टूबर को उनका शव त्रिगाम के जंगल में एक नाले के पास गड्ढे में दबा हुआ मिला था। मामले में पुलिस ने 19 अक्टूबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार SPO को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इधर, बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। पुलिस ने सेना के साथ संयुक्त अभियान चलाकर तंगमर्ग के बदरकोट जंगल से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान बदरकोट निवासी गुलाम जिलानी रेशी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से दो हैंड ग्रेनेड मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद विस्फोटक कहां से लाए गए थे और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
कुलगाम में CRPF कैंप पर हमला, 3 जवान घायल
वहीं बुधवार को कुलगाम जिले में भी सुरक्षाबलों पर बड़ा हमला हुआ। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने अखरान स्थित CRPF कैंप के नाका पॉइंट पर तैनात जवानों को निशाना बनाकर फायरिंग की। घटना दोपहर करीब 2:15 बजे की बताई जा रही है। हमले में CRPF की 46वीं बटालियन के तीन जवान घायल हो गए। उनकी पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो, राकेश दास के रूप में हुई है। तीनों को अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। हमले का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। (Kishtwar Two SPO Killed)
गृह मंत्रालय में हुई हाईलेवल बैठक
कुलगाम हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गृह मंत्रालय में हाईलेवल बैठक हुई। इसमें CRPF के डीजी ने अधिकारियों को घटना और सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी दी। लगातार हो रहे हमलों और सुरक्षाबलों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं के बीच सुरक्षा रणनीति पर चर्चा की गई। जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ सालों के दौरान आतंकी घटनाओं का आंकड़ा भी चिंताजनक है। आंकड़ों के मुताबिक साल 2024 से अब तक प्रदेश में 548 आतंकी घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन घटनाओं में 45 जवान शहीद हुए हैं, जबकि सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए 138 आतंकियों को मार गिराया है। किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या, कुलगाम में CRPF जवानों पर हमला और बारामूला में हैंड ग्रेनेड की बरामदगी जैसी घटनाएं एक बार फिर जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा हालात को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। अब जांच एजेंसियों के सामने इन घटनाओं के पीछे सक्रिय नेटवर्क का पता लगाने और आतंकियों की साजिशों को नाकाम करने की चुनौती है। (Kishtwar Two SPO Killed)



