ED का बड़ा एक्शन: अनिल अंबानी का मुंबई स्थित ₹3716 करोड़ का घर किया जब्त
ED Action On Anil Ambani : Enforcement Directorate (ईडी) ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत रिलायंस समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी के मुंबई स्थित आलीशान आवास ‘अबोड’ पर अस्थायी कुर्की आदेश जारी किया है। इस 17 मंजिला और करीब 66 मीटर ऊंची इमारत की कीमत 3,716.83 करोड़ रुपये आंकी गई है।
यह भी पढ़े :- विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित छत्तीसगढ़ की ओर तेजी से बढ़ रहा प्रदेश : मुख्यमंत्री साय
पाली हिल के पॉश इलाके में स्थित यह लग्जरी टावर अब Reliance Communications (आरकॉम) से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में जब्त की गई संपत्तियों की सूची में शामिल हो गया है।
कुल कुर्क संपत्ति ₹15,700 करोड़ के करीब
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक 25 फरवरी को की गई इस कार्रवाई के बाद मामले में कुल जब्त संपत्तियों का आंकड़ा लगभग 15,700 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इससे पहले इसी संपत्ति पर 473.17 करोड़ रुपये की आंशिक कुर्की की जा चुकी थी।
ईडी का आरोप है कि यह संपत्ति आरकॉम के कथित धोखाधड़ीपूर्ण बैंकिंग लेन-देन से जुड़े धन से संबंधित है। एजेंसी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
दूसरी बार पूछताछ की तैयारी
66 वर्षीय अनिल अंबानी से अगस्त 2025 में पीएमएलए के तहत पहली बार पूछताछ कर बयान दर्ज किया गया था। अब प्रवर्तन निदेशालय उन्हें दोबारा तलब करने की तैयारी में है।
जांच एजेंसी के विशेष कार्य बल द्वारा की गई यह कार्रवाई संकेत देती है कि आरकॉम से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में जांच और तेज होने वाली है।
मुंबई के सबसे महंगे इलाकों में शुमार पाली हिल स्थित ‘अबोड’ को विलासिता का प्रतीक माना जाता है, लेकिन फिलहाल यह ईडी की अस्थायी कुर्की के दायरे में आ चुका है।



