आंध्र प्रदेश के पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 21 लोगों की मौत, 8 गंभीर रूप से घायल

Explosion in Firecracker Factory: आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में बड़ा हादसा हुआ है, जहां वेटलापलेम गांव में दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि इसकी आवाज करीब 5 किलोमीटर दूर तक सुनी गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोपहर लगभग 2 बजे तेज धमाका हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री पूरी तरह तबाह हो गई और आसपास के धान के खेतों तक मलबा और शवों के हिस्से जा गिरे।
यह भी पढे़ं:- किसानों की होली हुई रंगीन: खातों में पहुंची धान बोनस की राशि, 10,292 करोड़ रुपये ट्रांसफर
ग्रामीणों ने बताया कि धमाके के तुरंत बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास शुरू किया। हरे-भरे खेतों के बीच दर्दनाक दृश्य देखने को मिला, जहां शव और शरीर के अंग बिखरे पड़े थे। स्थानीय लोग खाद की बोरियों से बनी चादरों में शवों को उठाते नजर आए। पुलिस के मुताबिक विस्फोट इतना भीषण था कि कई शव पास के खेतों में जाकर गिरे। बिखरे हुए शरीर के हिस्सों की तलाश के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरों की मदद ली है। राहत और बचाव दल मलबा हटाने और संभावित अन्य पीड़ितों की खोज में जुटा है। (Explosion in Firecracker Factory)
प्रधानमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
काकीनाडा सरकारी अस्पताल के सुपरिटेंडेंट ने बताया कि अस्पताल में लाए गए अधिकांश घायल 90 से 100 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम इलाज में जुटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए संबंधित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर हालात की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन राहत और बचाव कार्य में पूरी तत्परता से लगा हुआ है। राज्य की गृह मंत्री वंगलपुडी अनीता ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक आशंका है कि पटाखा निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी या विस्फोटक सामग्री के असुरक्षित भंडारण के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल प्रशासन राहत कार्य में जुटा हुआ है। (Explosion in Firecracker Factory)




