भारत ने बहुत सारे देशों के साथ किए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट, हमारे लिए अवसरों का खुला बहुत बड़ा द्वार: PM मोदी 

PM Modi on Budget: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोस्ट बजट वेबिनार में उद्योग जगत, निवेशकों और विशेषज्ञों को संबोधित करते हुए वैश्विक प्रतिस्पर्धा में गुणवत्ता को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया विश्वसनीय और मजबूत विनिर्माण साझेदारों की तलाश में है और भारत के पास इस भूमिका को निभाने का ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि अब शोध और अनुसंधान में कंजूसी का समय नहीं है। उद्योगों को अत्याधुनिक तकनीक अपनानी होगी और अनुसंधान में बड़ा निवेश करना होगा।

यह भी पढ़ें:- आज दुनिया की अर्थव्यवस्था में चल रहा बदलाव, बाजार अब सिर्फ लागत नहीं देखता, वे स्थिरता भी देखते हैं: PM मोदी

प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि आज आगे बढ़ने का एक ही मंत्र है- गुणवत्ता, गुणवत्ता और गुणवत्ता। प्रधानमंत्री ने कहा कि कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते होने से भारतीय उत्पादों के लिए बड़े बाजार खुले हैं, लेकिन इसके साथ गुणवत्ता की जिम्मेदारी भी बढ़ी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि किसी बड़े जहाज के निर्माण में प्रयुक्त एक छोटा पुर्जा भी अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, इसलिए हर उत्पाद की गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय मानकों से बेहतर होनी चाहिए। (PM Modi on Budget)

एमएसएमई को वैश्विक मंच पर उतरना होगा: PM मोदी 

प्रधानमंत्री ने कहा कि एमएसएमई वर्गीकरण में सुधार से छोटे उद्योगों को विस्तार का आत्मविश्वास मिला है। सरकार ऋण सुविधा और तकनीकी उन्नयन को आसान बना रही है, लेकिन वास्तविक प्रभाव तब होगा जब ये उद्यम वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सक्रिय रूप से उतरेंगे। उन्होंने डिजिटल प्रक्रियाओं, मजबूत मूल्य श्रृंखला और उत्पादकता बढ़ाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष के बजट में रिकॉर्ड पूंजीगत व्यय का प्रावधान किया गया है। रेलवे, राजमार्ग, बंदरगाह, हवाई अड्डों और जलमार्गों के बीच बेहतर समन्वय से परिवहन लागत घटेगी और दक्षता बढ़ेगी।

शहरीकरण और भविष्य की अर्थव्यवस्था

सात नए उच्च गति रेल कॉरिडोर और मल्टी-मोडल संपर्क व्यवस्था को विकास का ग्रोथ कनेक्टर बताया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की भविष्य की आर्थिक वृद्धि इस बात पर निर्भर करेगी कि हम अपने शहरों की कितनी प्रभावी योजना बनाते हैं। द्वितीय और तृतीय श्रेणी के शहरों को नए विकास केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब वैश्विक बाजार केवल लागत नहीं, बल्कि पर्यावरणीय प्रभाव भी देखता है। ‘कार्बन कैप्चर, उपयोग और भंडारण मिशन’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने उद्योगों से स्वच्छ प्रौद्योगिकी को अपनाने का आग्रह किया। (PM Modi on Budget)

सामूहिक भागीदारी से ही ‘विकसित भारत’: PM मोदी

उन्होंने कहा कि जो उद्योग समय रहते हरित तकनीक में निवेश करेंगे, वे भविष्य के बाजारों में बेहतर स्थिति में होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य सामूहिक स्वामित्व और साझेदारी से ही संभव है। बजट ने ढांचा प्रदान किया है, अब उद्योग और संस्थानों को मिलकर गति पैदा करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सुझाव जमीनी स्तर पर परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है और यही भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। (PM Modi on Budget)

Back to top button
error: Content is protected !!