रिटायर DIG कमलोचन कश्यप की PHQ में वापसी, सरकार ने बनाया OSD
Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक अनुभव का लाभ उठाते हुए सेवानिवृत्त पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) कमलोचन कश्यप को एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कमलोचन कश्यप को पुलिस मुख्यालय (PHQ), रायपुर में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) के पद पर संविदा नियुक्त किया गया है।
एक वर्ष के लिए संविदा नियुक्ति
गृह विभाग के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम, 2012 के तहत की गई है। कमलोचन कश्यप पुलिस मुख्यालय के रिक्त असंवर्गीय पद के विरुद्ध कार्यभार संभालेंगे।

उनकी यह नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से एक वर्ष अथवा आगामी आदेश तक (जो भी पहले हो) प्रभावी रहेगी। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनकी सेवा शर्तें अलग से निर्धारित की जाएंगी।
अनुभव का मिलेगा लाभ
पुलिस विभाग में लंबे समय तक विभिन्न अहम पदों पर सेवाएं दे चुके कमलोचन कश्यप को कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक कार्य और रणनीतिक मामलों का व्यापक अनुभव है। सरकार के इस फैसले को पुलिस मुख्यालय में कार्यकुशलता और समन्वय बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। (Chhattisgarh News )
सूत्रों के अनुसार, PHQ में OSD के रूप में उनकी भूमिका सलाहकारी और समन्वय से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में होगी, जिससे विभागीय योजनाओं और नीतिगत फैसलों के क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है। (Chhattisgarh News )



